बिहार में राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी पारा चढ़ा हुआ है. इसी बीच बुधवार (11 मार्च) को विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और AIMIM के प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान के बीच अहम मुलाकात हुई है. बताया जा रहा है कि दोनों के बीच राज्यसभा चुनाव समेत अन्य मुद्दों पर गहन चर्चा हुई. ओवैसी की पार्टी के नेता से मुलाकात के बाद तेजस्वी यादव ने सकारात्मक संकेत देते हुए कहा कि वे 15 मार्च को अख्तरुल ईमान के घर पर आयोजित इफ्तार पार्टी में शामिल होंगे. उन्होंने राज्यसभा चुनाव में जीत का भी दावा किया.
एआईएमआईएम प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान से मुलाकात के बाद आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने कहा, ”सकारात्मक बातचीत हुई है. उन्होंने हमें 15 तारीख को इफ्तार पार्टी में भी आमंत्रित किया है. हमलोग उनके न्यौता में 15 तारीख को जाएंगे. हमलोगों के बीच पॉजीटिव बातचीत हुई है. दावत में हमलोग जाएंगे और चुनाव भी जीतेंगे.”
AIMIM के अख्तरुल ईमान ने क्या कहा?
आरजेडी नेता तेजस्वी यादव से मुलाकात के बाद एआईएमआईएम प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान ने कहा, “अभी जो हमारी बातें हुई, पहले हमलोग अपने नेता को बताएंगे उसके बाद आपको बताएंगे. अभी काफी सारी बातें हुई हैं. इतना जान लीजिए कि पॉजिटिव गुफ्तगू हुई है. पॉजिटिव को पॉजिटिव समझिए.”
Patna, Bihar: On meeting with RJD leader Tejashwi Yadav, AIMIM State President Akhtarul Iman says, “I will first convey the discussions we had to my leader. After that, we will inform you. Many issues were discussed in the meeting, and the discussions were positive” pic.twitter.com/S05CEQvuM7
— IANS (@ians_india) March 11, 2026
RJD कैसे जीत सकती है राज्यसभा की एक सीट?
आरजेडी ने राज्यसभा चुनाव के लिए एडी सिंह को प्रत्याशी बनाया है. आरजेडी के 25 समेत महागठबंधन के पास कुल 35 विधायक है. राज्यसभा चुनाव में एक सीट जीतने के लिए 41 विधायकों की जरूरत है. ओवैसी की पार्टी AIMIM के पांच विधायक हैं जबकि बीएसपी के एक विधायक है. आरजेडी को राज्यसभा की एक सीट पर जीत के लिए इन 6 विधायकों का समर्थन मिलना जरूरी है. ऐसे में तेजस्वी यादव की अख्तरुल ईमान से मुलाकात उसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है.
उधर, बिहार की 243 सदस्यीय विधानसभा में NDA के पास 202 विधायकों का बहुमत है. हालांकि राज्यसभा की सभी 5 सीटों पर जीत हासिल करने के लिए इस गठबंधन को तीन और वोटों की जरूरत होगी.