महाराष्ट्र में राज्यसभा चुनाव को लेकर हलचल तेज है. इस बीच शरद पवार गुट के नेता सुप्रिया सुले और जयंत पाटील ने उद्धव ठाकरे से मुलाकात की है. शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख से दोनों नेताओं की मुलाकात मंगलवार (03 मार्च) को मातोश्री में हुई. एनसीपी (SP) नेता जयंत पाटील ने खुद इस बारे में जानकारी दी है. शरद पवार को फिर से राज्यसभा भेजा जा सकता है और उसी रणनीति के तहत दोनों नेता उद्धव ठाकरे से मिले हैं.
जयंत पाटील ने जानकारी देते हुए बताया, ”शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे से हम मिले हैं. सुप्रिया सुले और मैं दोनों साथ में ही उद्धव ठाकरे से मुलाकात की. हमारे राष्ट्रवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं की अपेक्षा और आग्रह है कि शरद पवार साहब को एक फिर से राज्यसभा जाना चाहिए और इसलिए हमने उनसे अनुरोध किया. उन्होंने हमें कहा कि महाविकास अघाड़ी का निर्णय कांग्रेस, एनसीपी (एसपी) और शिवसेना साथ मिलकर कर लेंगे.”
यह भी पढ़ें: मिडिल ईस्ट युद्ध के बीच आदित्य ठाकरे बोले, ‘ऐसे वक्त में मनमोहन सिंह की याद आती है, जिन्होंने…’
क्या शरद पवार राज्यसभा जाने के लिए तैयार?
जब उनसे पूछा गया कि क्या इसके लिए कांग्रेस तैयार है? इस पर जयंत पाटील ने कहा, ”हम कांग्रेस से पहले ही आग्रह कर चुके हैं. कल (04 मार्च) तक इसका निर्णय होने की उम्मीद है.” जयंत पाटील से जब पूछा गया कि क्या शरद पवार साहब राज्य सभा जाने के लिए तैयार हैं? इस पर उन्होंने कहा, ”हम उनसे आग्रह कर चुके हैं. गठबंधन के तीनों पार्टियों की चर्चा जब पूरी हो जाएगी तब फिर हम उन्हें बताएंगे.
राज्यसभा सीट पर अभी तक कोई फैसला नहीं- आदित्य ठाकरे
उधर, शिवसेना (UBT) नेता आदित्य ठाकरे ने सुप्रिया सुले और जयंत पाटील की उद्धव ठाकरे से हुई मुलाकात की पुष्टि की है. उन्होंने कहा, ”एनसीपी (एसपी नेता सुप्रिया सुले और जयंत पाटिल जी ने आज मातोश्री में उद्धव ठाकरे जी से मुलाकात की. राज्यसभा सीट पर अभी तक कोई फैसला नहीं हुआ है, और जल्द ही लिया जाएगा. एमवीए के सभी सहयोगी दल सीट और राजनीतिक गठबंधन पर चर्चा के लिए एक साथ बैठेंगे.”
NCP SCP leaders Supriya Sule ji and Jayant Patil ji met Uddhav Thackeray ji at Matoshri today.
🚨 No decision has been made on the Rajya Sabha seat as yet, and will be made soon.🚨
All MVA partners will be together for discussions on the seat and the political alignments.
— Aaditya Thackeray (@AUThackeray) March 3, 2026
16 मार्च को राज्यसभा की सीटों को लेकर चुनाव
महाराष्ट्र में राज्यसभा की 7 सीटों पर चुनाव होने हैं. यहां शरद पवार के साथ ही रामदास अठावले, फौजिया खान, रजनी पाटिल, प्रियंका चतुर्वेदी, धैर्यशील पाटिल और भागवत कराड का राज्यसभा कार्यकाल 2 अप्रैल को खत्म हो रहा है. 10 राज्यों की 37 राज्यसभा सीटों के लिए 16 मार्च को वोटिंग होगी.
यह भी पढ़ें: बारामती में नकाबपोश बदमाशों का आतंक! प्रेमी जोड़े पर हमला कर सोने-चांदी के गहने लूटे