Skip to content

राज्यसभा चुनाव: वोट नहीं देने वाले कांग्रेस के तीसरे विधायक का पहला रिएक्शन, ‘महागठबंधन से…’

बिहार की पांच राज्यसभा सीटों पर हुए चुनाव में वोटिंग से कांग्रेस के तीन और आरजेडी के एक विधायक बीते सोमवार (16 मार्च, 2026) को गायब रहे. ऐसे में आरजेडी के प्रत्याशी एडी सिंह के चार वोट कम हो गए. राज्यसभा चुनाव में उनकी हार हो गई. कांग्रेस के विधायकों ने वोट क्यों नहीं दिया इसका कारण धीरे-धीरे सामने आ रहा है. दो विधायक मनोज विश्वास और सुरेंद्र कुशवाहा पहले ही सफाई दे चुके हैं. अब तीसरे विधायक मनोहर प्रसाद का पहला रिएक्शन आया है.

‘इसलिए हमने मतदान नहीं किया…’

राज्यसभा चुनाव में मतदान न करने पर कांग्रेस विधायक मनोहर प्रसाद सिंह ने मीडिया से मंगलवार को कहा, “मिसमैनेजमेंट भी हुआ है… महागठबंधन से एससी, एसटी या अल्पसंख्यक समाज से उम्मीदवार होना चाहिए था. इन तीनों में से किसी को उम्मीदवार नहीं बनाया गया, इसलिए हमने इसका विरोध किया. जिन सिद्धांतों का हम पालन करते हैं, उनका पालन नहीं किया गया इसलिए हमने इसके पक्ष में मतदान नहीं किया.”

संबंधित खबर: कांग्रेस विधायक सुरेंद्र कुशवाहा ने अपनी सफाई में क्या कहा? क्लिक कर पढ़ें

‘तेजस्वी यादव को समीक्षा करने की जरूरत’

दूसरी ओर आरजेडी प्रत्याशी एडी सिंह की हार पर महागठबंधन के नेता कई तरह के आरोप लगा रहे हैं. इस बीच एलजेपी (रामविलास) के सासंद अरुण भारती ने राज्यसभा चुनाव में क्रॉस-वोटिंग की खबरों पर कहा, “…यह दिखाता है कि नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को अपनी काबिलीयत पर, अपने नेतृत्व पर एक बार समीक्षा करने की जरूरत है. पहले बिहार की जनता उनपर विश्वास नहीं कर रही थी और अब उनके विधायक उनपर विश्वास नहीं कर रहे हैं. महागठबंधन जिस तरह से तितर-बितर हो रहा है, आरोप लगाने के अलावा उनके पास कोई विकल्प नहीं बचा है… उन्हें जनता से जुड़ना चाहिए…”

आरजेडी सांसद सुधाकर सिंह ने राज्यसभा चुनाव में तेजस्वी यादव के ‘हॉर्स ट्रेडिंग’ के आरोप पर कहा, “हॉर्स ट्रेडिंग ही तो है. पिछली बार भी जब नीतीश कुमार के साथ हमारा गठबंधन टूटा तो हमारे कई विधायक उस पार पहुंच गए. हमने स्पीकर से इसकी शिकायत की लेकिन उन्होंने इस पर कोई निर्णय नहीं लिया. ऐसा कई राज्यों में हुआ. बीजेपी तो कानून मानती नहीं. बहुमत के नाम पर वे तानाशाही थोपते हैं.”

संबंधित खबर: कांग्रेस के विधायक मनोज विश्वास का बयान पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *