बिहार की पांच राज्यसभा सीटों के नतीजे आ चुके हैं. एनडीए के सारे प्रत्याशियों की जीत के साथ यह भी साफ हो गया है कि नीतीश कुमार राज्यसभा जाएंगे. राज्यसभा चुनाव के रिजल्ट के बाद एक बार फिर से चर्चा शुरू हो गई है कि बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा? बीजेपी के वरिष्ठ नेता और बिहार सरकार में कृषि मंत्री रामकृपाल यादव ने बुधवार (18 मार्च, 2026) को अपनी प्रतिक्रिया दी.
रामकृपाल यादव ने कहा, “अगला मुख्यमंत्री कोई न कोई तो होगा ही न… और एनडीए से ही होना है तो एनडीए का नेतृत्व तय करेगा. यह सब कुछ ही दिनों में सामने आ जाएगा… थोड़ा धैर्य रखें. पर्दे में रहने दें… पर्दा ने उठाएं… जो एनडीए का नेतृत्व है… चाहे वो राज्य का हो या केंद्र का हो… जो तय होगा वो सामने आ जाएगा…”
खत्म हो जाएगी कांग्रेस: रामकृपाल यादव
दूसरी ओर राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस के तीन विधायकों ने वोट नहीं दिया था. इस पर रामकृपाल यादव ने कहा कि उनके छह विधायक हैं, इसलिए जो विधायक और कार्यकर्ता हैं उन्होंने मन बना लिया है कि साथ नहीं रहेंगे, इसीलिए वोट नहीं किया. आने वाले वक्त में कांग्रेस खत्म हो जाएगी.
यह भी पढ़ें- छपरा जहरीली शराब कांड: सैंपल में मिला मिथाइल ऐल्कोहॉल, 5 लोगों की मौत पर ADG का बड़ा खुलासा
कृषि मंत्री रामकृपाल यादव ने वाराणसी में नाव पर इफ्तार पार्टी के दौरान गंगा नदी में मांसाहारी भोजन फेंकने के आरोप में 14 युवकों की गिरफ्तारी पर कहा, “दुर्भाग्यपूर्ण घटना है… नाव पर नॉनवेज खाकर और गंगा मैया को अपवित्र कर रहे थे… खासकर जो बनारस का घाट है दुनिया भर से लोग आते हैं… देसी से ज्यादा विदेशी आते हैं और वहां उसे अपवित्र करना… कार्रवाई होनी चाहिए… घोर अपमान है… सनातन का और हिंदू धर्म का अपमान है, इसे कभी बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है.”
बंगाल चुनाव पर क्या बोले रामकृपाल यादव?
पश्चिम बंगाल में चुनाव होना है. इस पर रामकृपाल यादव ने कहा कि टीएमसी के राज में, ममता बनर्जी के राज में, बंगाल बर्बाद हो चुका है. वहां भ्रष्टाचार… मार-काट… लोगों के साथ अन्याय होता रहा है. बंगाल की जनता डरी हुई है. पांच साल के बाद ही जनता को मौका मिलता है. अब वो मौका ममता दीदी को नहीं मिलने वाला है. वहां जनता बीजेपी की सरकार बनाएगी.
यह भी पढ़ें- JDU से अलग होने के बाद केसी त्यागी की पहली प्रतिक्रिया, नीतीश कुमार से क्यों किया किनारा?