राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (RBSE) के 12वीं कक्षा के परिणामों में एक बार फिर बेटियों ने अपनी काबिलियत का परचम लहराया है. प्रदेश के डीडवाना-कुचामन जिले की दीपिका राकावत ने जहां 99.80% अंकों के साथ पूरे राज्य में टॉप कर इतिहास रच दिया है, वहीं झुंझुनूं जिले की नैंसी चौधरी ने आर्ट्स (कला) संकाय में 99.60% अंक हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है.
डीडवाना की होनहार छात्रा दीपिका राकावत ने 12वीं बोर्ड परीक्षा में 99.80 प्रतिशत का जादुई आंकड़ा छूकर प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया है. स्थानीय ओरनेट स्कूल में अध्ययनरत दीपिका, श्री रामस्वरूप जी की पुत्री हैं. उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने स्वयं फोन कर उन्हें बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की.
आतिशबाजी से गूंजा आसमान
स्टेट टॉपर बनने की सूचना मिलते ही पूरे डीडवाना शहर में खुशी की लहर दौड़ गई. परिणाम घोषित होते ही दीपिका के घर बधाई देने वालों का तांता लग गया. क्षेत्र के सांसद, जिला कलेक्टर और तमाम जनप्रतिनिधियों ने फोन के माध्यम से शुभकामनाएं दीं और भविष्य में हर संभव मदद का भरोसा दिलाया. मोहल्लेवासियों और प्रबुद्ध जनों ने घर पहुंचकर साफा और माला पहनाकर दीपिका का भव्य स्वागत किया. शहर के प्रमुख चौराहों पर जमकर आतिशबाजी की गई और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जश्न मनाया गया.
दीपिका ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता के आशीर्वाद, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अपनी नियमित पढ़ाई को दिया है. स्कूल प्रबंधन ने भी अपनी छात्रा की इस गौरवशाली उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त किया है.
झुंझुनूं: आर्ट्स में नैंसी चौधरी 99.60% अंकों के साथ टॉपर
12वीं कक्षा के परीक्षा परिणामों में झुंझुनूं जिले ने भी शानदार प्रदर्शन किया है. प्रिंस इंटरनेशनल स्कूल की छात्रा नैन्सी चौधरी ने कला (Arts) संकाय में 99.60 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले को गौरवान्वित किया है.
टॉपर छात्रा नैन्सी चौधरी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और गुरुजनों को देते हुए कहा कि लगन और कड़ी मेहनत से पढ़ाई करने पर कोई भी विद्यार्थी अपने लक्ष्य को आसानी से हासिल कर सकता है. नैन्सी की इस उपलब्धि पर परिजनों, शिक्षकों और स्कूल प्रबंधन ने मिठाइयां बांटकर खुशी जाहिर की.
जिले का समग्र परिणाम रहा शानदार
झुंझुनूं जिले का ओवरऑल रिजल्ट भी बेहद शानदार रहा. आर्ट्स वर्ग में 97.72 प्रतिशत, साइंस में 97.73 प्रतिशत तथा कॉमर्स में 80.92 प्रतिशत विद्यार्थी पास हुए हैं. परिणाम घोषित होते ही जिले भर के स्कूलों में जश्न का माहौल देखने को मिला. छात्र-छात्राएं और अभिभावक उत्साह में एक-दूसरे को बधाई देते नजर आए.