उत्तर प्रदेश की फैजाबाद सीट से समाजवादी पार्टी सांसद अवधेश प्रसाद ने गैस की किल्लत और यूपी पुलिस एसआई परीक्षा को लेकर सरकार पर हमला बोला है. सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि देश में गैस की कमी सरकार की बड़ी नाकामयाबी है. उन्होंने यूपी पुलिस एसआई भर्ती परीक्षा में पंडित शब्द से जुड़े विवाद पर भी प्रतिक्रिया दी है.
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और सांसद अवधेश प्रसाद ने देश में गैस सिलेंडर की किल्लत को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि देश में गैस की कमी सरकार की बड़ी नाकामयाबी है. लोगों को सिलेंडर के लिए लंबी-लंबी लाइनों में लगना पड़ रहा है, लेकिन इसके बावजूद उन्हें गैस नहीं मिल पा रही है.
सरकार की विदेश नीति पूरी तरह हो चुकी है विफल- अवधेश प्रसाद
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की विदेश नीति पूरी तरह से विफल हो चुकी है और देश की नीतियां अमेरिका के दबाव में चल रही हैं. उनका कहना है कि प्रधानमंत्री को देश के हित और देशवासियों की मांग के अनुसार निर्णय लेने चाहिए. उन्होंने कहा कि भारत को किसी भी बाहरी दबाव में नहीं चलना चाहिए और यह देश अपनी विचारधारा और जनता की जरूरतों के अनुसार ही आगे बढ़ेगा.
परीक्षा में ‘पंडित’ शब्द मामले की जांच की मांग
वहीं, हाल ही में आयोजित यूपी एसआई परीक्षा में ‘पंडित’ नाम से जुड़े सवाल को लेकर उठे विवाद पर भी उन्होंने प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए और जिन लोगों ने इस तरह का प्रश्नपत्र तैयार किया है, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए.
राष्ट्रपति का आयोध्या में स्वागत है- अवधेश प्रसाद
अयोध्या में 19 मार्च को प्रस्तावित कार्यक्रम में राष्ट्रपति के आगमन को लेकर उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति का स्वागत है. उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति देवतुल्य मतदाताओं के बीच और प्रभु श्रीराम की नगरी में आ रही हैं, इसलिए उनका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है. हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें अभी तक इस कार्यक्रम का कोई औपचारिक निमंत्रण नहीं मिला है. यदि निमंत्रण मिलता है तो वह संसद की कार्यवाही से अवकाश लेकर कार्यक्रम में शामिल होने का प्रयास करेंगे.
इसके अलावा समाजवादी पार्टी कार्यालय और सांसद आवास पर आयोजित होने वाले रोजा इफ्तार कार्यक्रम को लेकर उन्होंने कहा कि जिले के कई सम्मानित रोजेदार इसमें शामिल होंगे, नमाज अदा करेंगे और क्षेत्र में अमन-चैन और शांति की दुआ करेंगे.