आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल गोवा में भाजपा और पीएम नरेंद्र मोदी पर जमकर बरसे. शराब घोटाले में आरोप मुक्त होने पर पणजी में आयोजित बधाई समारोह में उन्होंने कहा कि सच्चाई और ईमानदारी के रास्ते चलकर आम आदमी पार्टी सबसे बड़ी अग्नि परीक्षा को पास कर ली है. अब हम झाड़ू से गोवा समेत पूरे देश को साफ करेंगे.
भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि हमारी टॉप लीडरशीप की छवि खराब करने के लिए हमें भ्रष्ट साबित करने की कोशिश की गई. लेकिन कोर्ट ने कह दिया है कि केजरीवाल और आम आदमी पार्टी कट्टर ईमानदार हैं. इसमें इतना भी सबूत और गवाह नहीं है कि मुकदमा चलाया जा सके.
अरविंद केजरीवाल ने पीएम मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर तीखे हमले बोलते हुए कहा कि इन्हें सत्ता की हवस है. इसी के चलते इन्होंने हमें गिरफ्तार किया, दिल्ली का काम ठप करके जनता को परेशान किया और दिल्ली का चुनाव चोरी कर लिया.
उन्होंने पीएम मोदी से कहा कि आपने मुझे निपटाने के लिए सबकुछ कर लिया, लेकिन आज भी केजरीवाल दहाड़ रहा है. अब केजरीवाल न झुकेगा और न रूकेगा. अगर आपको मुझे निपटान है तो मुझसे ज्यादा काम करके एक लंबी लकीर खींचो या फिर आपको मेरी हत्या करानी पड़ेगी.
अरविंद केजरीवाल ने कहा, “आम आदमी पार्टी का नेतृत्व अग्नि परीक्षा से निकल कर आया है. इतिहास गवाह है कि जब-जब कोई सच्चाई के रास्ते पर चलता है, तो उसे अग्नि परीक्षा देनी ही पड़ती है. सच्चाई के रास्ते पर चलना आसान नहीं है; कदम-कदम पर कांटे और पत्थर होते हैं तथा लोगों पर तरह-तरह के इल्जाम लगाए जाते हैं. हमने रामायण में भी सुना है कि जब भगवान श्रीराम रावण को हराकर लंका से निकले और अयोध्या की तरफ आए, तो सीता माता को भी अपनी पवित्रता साबित करने के लिए अग्नि परीक्षा देनी पड़ी थी. उसी तरह सच्चाई और ईमानदारी के रास्ते पर चल रही आम आदमी पार्टी को भी पिछले चार-पांच सालों से बदनाम करने की कोशिश की गई. पार्टी पर लगातार एक के बाद एक प्रहार हुए और हम लोग भी इस अग्नि परीक्षा से गुजर कर बाहर आए हैं.”
हमें जेल में डालकर बदनाम किया- AAP
अरविंद केजरीवाल ने कहा, “हमारे ऊपर आरोप लगाए गए कि केजरीवाल ने शराब घोटाला कर दिया और 100 करोड़ रुपए खा गया. दिन-रात 24 घंटे टीवी चैनलों पर यही डिबेट होती थी. हमारी छवि को बर्बाद करने और हमें भ्रष्ट व चोर साबित करने की पूरी कोशिश की गई. हमारे ऊपर पुलिस, इनकम टैक्स, ईडी और सीबीआई की रेड हुई. हमारे घरों, ऑफिस और बैंकों में जाकर सारे अकाउंट खंगाले गए. हमने कहा कि अगर 100 करोड़ का घोटाला हुआ है, तो पैसा कहीं तो रखा होगा; वह 100 करोड़ कहां गया? कोई जमीन या प्रॉपर्टी खरीदी होगी, पैसा बैंक में होगा या कहीं कैश रखा होगा, कुछ तो खर्चा किया होगा. लेकिन इन्हें कुछ नहीं मिला, एक नया पैसा भी नहीं मिला. इसके बावजूद लोगों के मन में शक पैदा करने की कोशिश की गई और इस तरह से बदनाम करके हमें जेल में डाल दिया गया.
हमने कुछ गलत नहीं किया तभी सिर उठा कर खड़े हैं- AAP
अरविंद केजरीवाल ने कहा, “एक ही राजनीतिक पार्टी के पांच सबसे वरिष्ठ नेताओं मुझे (मुख्यमंत्री), मनीष सिसोदिया (डिप्टी सीएम), सत्येंद्र जैन (स्वास्थ्य मंत्री), विजय नायर और राज्यसभा सांसद संजय सिंह को जेल में डाल दिया गया. शीर्ष “आप” नेताओं के ऊपर तरह-तरह से दबाव बनाया गया कि केजरीवाल को छोड़ कर भाजपा में आ जाओ. लेकिन हमारा एक भी नेता नहीं टूटा. क्योंकि अगर हमने कुछ गलत किया होता, तो आज मैं लोगों के सामने सिर उठाकर खड़ा नहीं हो पाता.”
उन्होंने कहा, ”अगर हमने कुछ गलत किया होता, तो हमें भाजपा में जाना पड़ता, क्योंकि वे हमें हमेशा के लिए जेल में रख सकते थे. जिन लोगों को ये एजेंसियां पकड़ती हैं और वे डरकर भाजपा में चले जाते हैं, उसका मतलब यही होता है कि उन्होंने कुछ गलत किया है. उन्हें पता होता है कि अगर वे भाजपा में नहीं गए, तो उन्हें हमेशा के लिए जेल में डाल दिया जाएगा, इसलिए उन्हें भाजपा में जाना पड़ता है. लेकिन हमें पता था कि हमें झूठा फंसाया गया है और केस बिल्कुल फर्जी है. हमें भरोसा था कि आज नहीं तो कल बाहर आना ही है. हमें पता था कि कोर्ट में यह मामला टिकने वाला नहीं है, इसीलिए हम मजबूती से डटे रहे.”
BJP ने बेईमान साबित करने की कोशिश की- AAP
अरविंद केजरीवाल ने कहा, “मैं 150 दिन जेल में रहे. उन्होंने कहा कि वे लड़ेंगे क्योंकि वे सच्चाई के रास्ते पर चल रहे हैं. मोदी की भाजपा ने हमें बेईमान साबित करने की पूरी कोशिश की, लेकिन अब जो 600 पेज का कोर्ट का ऑर्डर आया है, उसने सब साफ कर दिया है. 5 महीने तक इस मामले की रोजाना सुनवाई हुई, जिसमें सीबीआई और ईडी के वकीलों के साथ-साथ हमारे वकील भी जिरह करते थे. 5 महीने की लंबी सुनवाई और सारे सबूत व गवाह देखने के बाद जज साहब ने यह 600 पेज का आदेश पारित किया है.
उन्होंने कहा, ”इस आदेश में उन्होंने साफ लिखा है कि भाजपा और एजेंसियों के पास रत्ती भर भी सबूत या गवाह नहीं है. सीबीआई और ईडी जज साहब के पास मुकदमा चलाने की मंजूरी मांगने गए थे, लेकिन जज साहब ने कह दिया कि मुकदमा शुरू करने लायक कोई सबूत ही नहीं है. इस मामले में न तो कोई ट्रायल होगा, न मुकदमा चलेगा और न ही कोई प्रथम दृष्टया सबूत है. यह बात मैं नहीं कह रहा, बल्कि हम जो अग्नि परीक्षा पास करके आए हैं, उस पर मुहर लगाते हुए खुद जज साहब ने कहा है कि केजरीवाल कट्टर ईमानदार है.”
दिल्ली में लगातार हार से बौखलाई भाजपा ने साजिश रची- AAP
अरविंद केजरीवाल ने कहा, “भाजपा, नरेंद्र मोदी और अमित शाह ने हमारे साथ ऐसा इसलिए किया क्योंकि नरेंद्र मोदी और अमित शाह को सत्ता की हवस है और वे सत्ता के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं. उन्हें दिल्ली चाहिए थी, लेकिन वे इसे जीत नहीं पा रहे थे. दिल्ली में नरेंद्र मोदी जी और अमित शाह जी रहते हैं, लेकिन वहां का मुख्यमंत्री किसी और पार्टी का था, यह बात उनसे बर्दाश्त नहीं होती थी.
अरविंद केजरीवाल ने कहा, “2020 में जब दिल्ली के चुनाव हुए, तो भाजपा ने शाहीन बाग के नाम पर खूब हिंदू-मुस्लिम करने की कोशिश की. लेकिन हमने स्कूल, अस्पताल, बिजली, पानी और सड़क जैसे अपने कामों के आधार पर चुनाव लड़ा. भाजपा का हिंदू-मुस्लिम दिल्ली में नहीं चला और हमें 70 में से 62 सीटें मिलीं, जबकि भाजपा को केवल 8 सीटें ही मिल सकीं.
उन्होंने आगे कहा, ”तब उन्होंने सोचा कि दिल्ली में हिंदू-मुस्लिम काम नहीं करता, इसलिए कुछ और करना पड़ेगा. तब उन्होंने यह षड्यंत्र रचा कि इन्हें गिरफ्तार करो, इन पर झूठे इल्जाम लगाओ, इन्हें काम मत करने दो और बदनाम करो. उन्होंने हमें बदनाम करके और गिरफ्तार करके दिल्ली के काम को ठप कर दिया, जिससे पूरी दिल्ली के लोगों को बहुत परेशानी हुई. लेकिन अंत में सच की ही जीत हुई.”
पूरे देश को दें 10 लाख का स्वास्थ्य बीमा की मांग- केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल ने कहा, “अभी पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार है और हमने वहां के सभी 63 लाख परिवारों का 10 लाख रुपए का बीमा कर दिया है. इसका मतलब है कि अगर किसी को हार्ट अटैक, कैंसर या किडनी ट्रांसप्लांट जैसी गंभीर बीमारी हो जाए, जिसमें 6 लाख रुपए तक का खर्चा आता है, तो एक आम आदमी, जिसके पास बैंक में पैसे नहीं हैं, वह भी मैक्स या अपोलो जैसे बड़े और अच्छे प्राइवेट अस्पतालों में 10 लाख रुपए तक का इलाज बिल्कुल मुफ्त करा सकता है. क्या गोवा के लोगों को यह सुविधा नहीं मिलनी चाहिए? मोदी जी को चाहिए कि वे पूरे देश और गोवा के लोगों को भी 10 लाख रुपए का बीमा दें, लेकिन वे ऐसा नहीं करेंगे.”
जेल में डालने से समस्याएं हल नहीं होंगी- AAP
अरविंद केजरीवाल ने कहा, “पंजाब सरकार ने 18 साल से ऊपर की हर महिला को हर महीने एक हजार रुपए देने का एलान किया है. मोदी को भी हर महिला को एक हजार रुपए देना चाहिए, लेकिन वे ये नहीं करेंगे, केजरीवाल को जेल में डालेंगे ताकि वह कोई काम न कर सके. पंजाब में 93 फीसदी आबादी का बिजली का बिल जीरो है; गोवा के लोगों को भी मुफ्त बिजली मिलनी चाहिए. पोंडा के लोगों ने बताया कि वहां नगर पालिका क्षेत्र की सड़कों पर हर जगह कूड़ा ही कूड़ा पड़ा है. भाजपा वालों को वह कूड़ा साफ कराना चाहिए, केजरीवाल को जेल में डालने से कूड़ा साफ थोड़ी हो जाएगा. कुर्ति के लोगों ने बताया कि वहां एक गंदा नाला बहता है जिसमें बहुत कूड़ा-कचरा है; उसे साफ कराना चाहिए. वहां सड़कें टूटी हैं, स्ट्रीट लाइट नहीं हैं और कई इलाकों में पानी नहीं आता. लोगों को पानी देना चाहिए; केजरीवाल को जेल में डालने से क्या होगा?’