पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जनपद मुजफ्फरनगर में एक इमाम पर हुए हमले के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया है. मामला थाना सिविल लाइन इलाके के सरवट कजियान मोहल्ले का है, जहां रविवार (08 मार्च) को दोपहर कुछ युवकों ने रास्ते में रोककर एक इमाम के साथ मारपीट की. बताया जा रहा है कि यह पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हुई है.
जानकारी के मुताबिक मोहल्ला निवासी 28 वर्षीय इमाम अब्दुल वहाब पीर वाली मस्जिद से नमाज पढ़कर जा रहे थे. इसी दौरान रास्ते में कुछ युवकों ने उन्हें रोक लिया और कथित तौर पर उनके साथ मारपीट शुरू कर दी. आरोप है कि हमलावरों ने हॉकी स्टिक और क्रिकेट बैट से उन पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गए.
आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए पत्थरों से किया हमला
बताया जा रहा है कि जब इमाम ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए पत्थरों और ईंटों से भी हमला कर दिया. हमले में घायल इमाम सड़क पर गिर पड़े. घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी युवक मौके से फरार हो गए. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए और पुलिस को जानकारी दी गई.
घायल इमाम को अस्पताल में कराया गया भर्ती
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल इमाम को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती करवाया. जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया. घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है. पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की.
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा. इलाके में एहतियात के तौर पर पुलिस की निगरानी भी बढ़ा दी गई है.