महाराष्ट्र के मुंबई में बीकेसी स्थित पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद बुधवार को हड़कंप मच गया. यह धमकी ईमेल के जरिए दी गई थी, जिसमें दावा किया गया था कि पासपोर्ट कार्यालय और कार्यालय के वॉशरूम में 19 सायनाइड गैस से भरे बम रखे गए हैं, जो आज दोपहर 1:30 बजे विस्फोट करेंगे. सूचना मिलते ही पुलिस फ़ोर्स और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा.
टीम ने परिसर खाली कराकर सर्च अभियान चलाया, लेकिन ऐसी कोई भी चीज नहीं मिली, जिसके बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली. जिस मेल से ये धमकी भेजी गयी थी, उसकी डिटेल और पूरे मामले में जांच की जा रही है.
क्या है पूरा मामला ?
बुधवार को बीकेसी स्थित पासपोर्ट कार्यालय को तीन मेल आए जिसमें धमकी दी गयी कि पासपोर्ट कार्यालय और कार्यालय के वॉशरूम में 19 सायनाइड गैस से भरे बम रखे गए हैं, जो आज दोपहर 1:30 बजे विस्फोट करेंगे. ये मेल कार्यालय की. Sourav_biswas21@hotmail.com , rpo.mumbai@mea.gov.in और rpo.mumbai@cpo.gov.in
तीन आईडी पर भेजा गया था.
8 यूनिट मौके पर पहुंची
फौरन ही सूचना एजेंसियों और पुलिस को दी गयी. जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गयीं. सूचना मिलते ही बीकेसी पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ अधिकारी, एटीएस टीम और यूनिट-8 के अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे परिसर को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की.
पूरे परिसर को खाली कराया गया
एहतियात के तौर पर बी.डी.डी.एस. (बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड) और डॉग स्क्वॉड की टीम ने विदेश भवन स्थित पासपोर्ट कार्यालय की लॉबी, मुख्य प्रवेश द्वार, आने-जाने के रास्तों, पेड़-पौधों और आसपास के पूरे इलाके की सघन तलाशी ली. जांच के दौरान किसी भी तरह की संदिग्ध या आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली, जिसके बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली. हालांकि, मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस सतर्क बनी हुई है.
साइबर क्राइम जांच में जुटी
पुलिस ने संदिग्ध ईमेल आईडी के संबंध में साइबर पुलिस स्टेशन के जरिए जानकारी जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और आगे की कार्रवाई जारी है. इसके अलावा पासपोर्ट कार्यालय के सुरक्षा कर्मियों को भी सतर्क रहने और सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं.