Skip to content

मिडिल ईस्ट तनाव का दिखा असर! ग्रेटर नोएडा-मुरादाबाद में गैस संकट से परेशान लोग, दोगुने दाम पर मिल रहे सिलेंडर

मिडिल ईस्ट में चल रहे संघर्ष के बीच गैस की दिक्कत सामने आ रही है. ग्रेटर नोएडा में भी कुछ ऐसा ही नजारा दिख रहा है. ग्रेटर नोएडा में रेस्टोरेंट और स्ट्रीट फूड चलाने वाले लोगों को काफी दिक्कतें हो रही हैं. उन लोगों का कहना है कि अब सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं. अगर मिल रहे हैं तो दुगुने दामों में सिलेंडर मिल रहे हैं, जिसकी वजह से रेस्टोरेंट और स्ट्रीट फूड चलाना मुश्किल हो रहा है.

रेस्टोरेंट एक-दो दिन में बंद करना पड़ जाएगा- रेस्टोरेंट मालिक

एबीपी न्यूज ने ग्रेटर नोएडा के जगत फॉर्म मार्किट में जाकर रेस्टोरेंट और स्ट्रीट फूड वालों से बातचीत की. इस दौरान जगत फॉर्म में ओम रेस्टोरेंट चलाने वाले विशाल भाटी ने बताया कि रेस्टोरेंट बंद होने की कगार पर है. जितने सिलेंडर की जरूरत होती है उतने मिल नहीं पा रहे हैं. अगर मिल रहे हैं तो काफी महंगे मिल रहे हैं. अब ऐसा लग रहा है कि रेस्टोरेंट एक-दो दिन में बंद करना पड़ जाएगा. फिलहाल सिलेंडर के दाम दुगने कर दिए गए हैं, जिसकी वजह से हमें भी अपने यहां आइटम के दाम बढ़ाने पड़े हैं. अगर एक-दो दिन में सिलेंडर नहीं मिल पाते हैं तो रेस्टोरेंट बंद करना पड़ेगा, जिससे हम रोड पर आ जाएंगे. मेरे यहां 12 से 15 कारीगर काम करते हैं, फिर वे भी काम नहीं कर पाएंगे.”

स्ट्रीट फूड वेंडर्स ने बताए अपने हालात

वहीं पाव भाजी, बिरयानी और डोसा लगाने वाले सौरभ ने बताया कि सिलेंडर की बहुत ज्यादा दिक्कत हो रही है. रोजाना सिलेंडर की जरूरत होती है, लेकिन मिल नहीं पा रहा है. जहां पहले 1500 का मिलता था, अब 3000 का मिल रहा है. ऐसे तो हम बर्बाद हो जाएंगे और हमें सब काम बंद करना पड़ेगा.

वहीं टिक्की बेचने वाले चन्द्रभान ने कहा कि सिलेंडर को लेकर बहुत मारामारी है. उसी से हमारी रोजी-रोटी चल रही है, लेकिन सिलेंडर नहीं मिल रहा है. अगर मिल रहा है तो बहुत महंगा मिल रहा है. ऐसे लग रहा है कि हमें यह काम बंद करना पड़ जाएगा. हम दूसरे जिले से यहां आए हैं, लेकिन अगर यही हालात रहे तो हमें यहां काम-धंधा छोड़कर वापस गांव जाना पड़ेगा.

वहीं फास्ट फूड चलाने वाले शहजाद ने कहा कि सिलेंडर का न होना हमारे लिए समस्या बनता जा रहा है. अभी फिलहाल तो सिलेंडर बचे हुए हैं, लेकिन यह खत्म होते ही हमें दुकान बंद करनी पड़ जाएगी. हमारे पास बहुत कारीगर भी काम करते हैं, उनको भी काम छोड़ना पड़ जाएगा.

मुरादाबाद में गैस की किल्लत, एजेंसी पर लगी भीड़

नोएडा के बाद यूपी के मुरादाबाद में एलपीजी गैस सिलेंडर को लेकर लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है. पहले बुकिंग कराने के बाद सिलेंडर की डिलीवरी घर तक हो जाती थी, लेकिन अब हालात ऐसे हैं कि लोगों को खुद गैस एजेंसी पर जाकर घंटों लाइन में खड़ा होना पड़ रहा है. बुकिंग नंबर पर भी गैस बुक करने में लोगों को दिक्कत आ रही है. ईद का मौका करीब है और ऐसे में घरों में खाना बनाने के लिए गैस सिलेंडर की जरूरत सबसे ज्यादा होती है. लेकिन गैस की किल्लत के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.

गैस एजेंसियों के बाहर सुबह से ही लोगों की लंबी लाइन लग रही है. लोगों का कहना है कि पहले गैस बुकिंग के बाद सिलेंडर सीधे घर पहुंच जाता था, लेकिन अब उन्हें खुद एजेंसी पर जाकर घंटों इंतजार करना पड़ रहा है. कई लोगों को तो घंटों लाइन में खड़े रहने के बाद भी सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है.

सप्लाई में कमी का असर अब दिखने लगा है- स्थानीय नागरिक 

स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि गैस बुकिंग नंबर पर कॉल करने में भी दिक्कत हो रही है, जिससे परेशानी और बढ़ गई है. वहीं कुछ जगहों पर घरेलू गैस की खपत पूरी करने के लिए कमर्शियल सिलेंडरों की सप्लाई पर भी रोक लगाई गई है. लोगों का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय हालात और सप्लाई में कमी का असर अब मुरादाबाद में भी देखने को मिल रहा है.

ईद से पहले गैस की किल्लत ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं. लोगों ने प्रशासन और गैस एजेंसियों से जल्द व्यवस्था ठीक कराने की मांग की है, ताकि उन्हें इस परेशानी से राहत मिल सके. लोगों का कहना है कि पहले हम फोन पर गैस बुक कर देते थे और सिलेंडर घर तक आ जाता था. अब कई बार कॉल करने के बाद भी बुकिंग नहीं हो रही है. हमें खुद एजेंसी पर आकर लाइन में लगना पड़ रहा है और कई-कई घंटे इंतजार करना पड़ रहा है. ईद का समय है, ऐसे में घर में गैस होना बहुत जरूरी है. हमारी मांग है कि इस समस्या का जल्दी समाधान किया जाए.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *