Skip to content

मार्च में मई जैसी तप रही दिल्ली को अब मिलेगी राहत, इस दिन होगी बारिश, तापमान में गिरावट के आसार

दिल्ली-एनसीआर में मार्च का महीना बीते कई साल का सबसे गर्म मार्च रिकॉर्ड किया गया था. चिलचिलाती धूप के बीच तापमान अधिकतम तापमान 37 डिग्री तक पहुंच गया था. हालांकि, अब मौसम विभाग ने जो अपडेट जारी किया है, उसके हिसाब से दिल्ली और आसपास के इलाकों में तापमान में गिरावट आ सकती है और लोगों को कुछ राहत मिल सकती है. 

मौसम विभाग का अनुमान है कि 14 या 15 मार्च को झमाझम बारिश हो सकती है. साथ ही, तापमान में 3 डिग्री तक की गिरावट आ सकती है. इस दिन दिल्ली का मौसम करवट लेगा और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी. 

दिल्ली-एनसीआर में चलेंगी तेज हवाएं

मौसम विभाग का यह भी अनुमान है कि दिल्ली और इससे सटे शहरों में करीब 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चलेंगी और बादल छाए रहने की भी संभावना है. यह अनुमान मौसम विभाग ने 16 और 17 मार्च के लिए दिया है. बीते एक दिन में दिल्ली में 30 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं चली हैं.

दिल्ली पर छाएंगे काले बादल

मौसम विभाग की मानें तो दिल्ली में 15 मार्च को बारिश की प्रबल संभावना है, लेकिन 14 मार्च से ही दिल्ली को काले बादल घेर लेंगे. यही वजह है कि दिल्ली-एनसीआर में मौसम कुछ सुहावना होने के आसार हैं. मौसम वैज्ञानिकों का दावा है कि धूल भरी हवाएं चलने के साथ बारिश हो सकती है. 17 मार्च तक राहत बनी रहेगी.

17 मार्च के बाद क्या होगा?

मौसम विभाग ने 17 मार्च तक राहत भरे मौसम की अपडेट दी है, लेकिन उसके बाद कैसा मौसम रहेगा इसका पूर्वानुमान जारी नहीं किया गया है. IMD के मुताबिक, 13 और 14 मार्च को तापमान लगभग 34 डिग्री के आसपास बना रह सकता है. 15 मार्च को मौसम में हल्का बदलाव आएगा. फिर, 16 और 17 मार्च को हल्के बादलों के साथ तापमान में तीन डिग्री की गिरावट आ सकती है और टेंपरेचर 31 डिग्री तक पहुंच सकता है. तब तक के लिए आपके गर्मी झेलनी पड़ेगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *