उत्तर प्रदेश के महोबा में महिला की संदिग्ध मौत मामले अब बड़ा खुलासा हुआ है, पुलिस जिसे शुरुआती में इसे सांप के काटने का मामला मान रही थी. वहीं, अब इस मामले में नया मोड़ सामने आया है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि 50 वर्षीय श्यामवती को गोली मारकर हत्या की गई. परिजनों ने दामाद पर हत्या का आरोप लगाया है. पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है.
जानकारी के मुताबिक, श्यामवती खेत पर फसल काटने गई थीं, जहां उनका शव मिला. परिजनों ने पहले सांप के काटने की आशंका जताई थी, लेकिन सीने पर बने घाव ने शक पैदा कर दिया. पोस्टमार्टम के बाद जब एक्स-रे कराया गया तो सीने और पेट के ऊपरी हिस्से में गोली के कई छर्रे पाए गए, जिससे साफ हो गया कि महिला की गोली मारकर हत्या की गई है. परिजनों ने इस हत्या का आरोप महिला के दामाद भूपेंद्र पर लगाया है.
आरोपी पहले भी दे चुका है धमकी
बताया जा रहा है कि उसकी पत्नी मीरा अपने बेटे के साथ मायके आई थी और फिर लापता हो गई. इसी बात को लेकर दामाद ने ससुराल पक्ष को जान से मारने की धमकी दी थी. बहू रोशनी का कहना है कि भूपेंद्र पहले भी धमकी दे चुका था और उसी ने इस वारदात को अंजाम दिया है. ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी और परिवार के बीच पहले विवाद हो चुका था. शंका है कि उसी ने हत्या की वारदात को अंजाम दिया है.
पुलिस का दावा- जल्द किया जाएगा घटना का खुलासा
वहीं, जिला अस्पताल के सीएमएस डॉक्टर सुरेश ने पुष्टि की है कि महिला की मौत गोली लगने से हुई है, जिसमें 12 बोर के तमंचे के छर्रे मिले हैं. बहरहाल, पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. सीओ सिटी अरुण कुमार ने बताया कि दामाद पर हत्या की शंका जताई गई है जिसको लेकर सभी पहलुओं पर जांच जारी है. जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा.