Skip to content

महिला दिवस पर ग्रेटर नोएडा की अनुष्का का आयरलैंड में डंका, UCD छात्र संघ चुनाव में ऐतिहासिक जीत

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर भारत के लिए आयरलैंड से एक बेहद गौरवशाली खबर सामने आई है. ग्रेटर नोएडा के सादौपुर गांव की रहने वाली बेटी अनुष्का बैसोया ने विदेशी धरती पर अपनी नेतृत्व क्षमता का लोहा मनवाते हुए आयरलैंड के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालय ‘यूसीडी’ (UCD) के छात्र संघ चुनाव में शानदार जीत दर्ज की है.

रिपोर्टर रविन्द्र जयंत से मिली जानकारी के अनुसार, अनुष्का ने यूसीडी स्टूडेंट्स यूनियन के चुनाव में ‘ग्रेजुएट ऑफिसर’ (Graduate Officer) के महत्वपूर्ण पद पर जीत हासिल की है. इस कड़े चुनावी मुकाबले में अनुष्का ने स्थानीय आयरिश उम्मीदवारों के साथ-साथ अमेरिका सहित कई अन्य देशों के छात्र नेताओं को भी करारी शिकस्त दी है. यह यूनियन विश्वविद्यालय के हजारों छात्रों का प्रतिनिधित्व करती है और उनके अधिकारों, शिक्षा, सुविधाओं व कल्याण से जुड़े अहम फैसलों में सक्रिय भूमिका निभाती है.

पद पर पहुंचने वाली एशिया की पहली छात्रा

अनुष्का की यह जीत इसलिए भी ऐतिहासिक है क्योंकि वह इस प्रतिष्ठित पद पर चुनी जाने वाली एशिया की पहली छात्रा बन गई हैं. उनके पिता अरविंद बैसोया ने अपनी बेटी की इस अभूतपूर्व उपलब्धि पर अपार खुशी और गर्व व्यक्त किया है. अनुष्का अब आगामी शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए यूसीडी स्टूडेंट्स यूनियन में अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगी.

सादौपुर गांव की बेटियों का डबल धमाका

ग्रेटर नोएडा का सादौपुर गांव इन दिनों अपनी बेटियों की सफलता से गूंज रहा है. अनुष्का की इस अंतरराष्ट्रीय जीत से हाल ही में, इसी गांव की एक अन्य होनहार बेटी ‘मुस्कान’ ने भी संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की कठिन परीक्षा में 771वीं रैंक हासिल कर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया था. एक ही गांव की दो बेटियों की इन बैक-टू-बैक सफलताओं ने क्षेत्र में जश्न का माहौल ला दिया है.

भारतीय छात्रों की मदद का किया वादा

अपनी शानदार जीत के बाद अनुष्का बैसोया ने अपनी जड़ों को याद रखते हुए एक खास संदेश दिया. उन्होंने वादा किया है कि भारत से जो भी व्यक्ति या छात्र भविष्य में शिक्षा या अन्य किसी कार्य से आयरलैंड आता है, तो उनके स्तर से उसकी हरसंभव मदद की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *