Skip to content

महाराष्ट्र: ‘सत्ता और पैसे के बल पर…’, राज्यसभा चुनाव के नतीजों पर संजय राउत का बड़ा बयान

सोमवार 16 मार्च को राज्यसभा की तीन राज्यों – बिहार, ओडिशा और हरियाणा – की 11 सीटों पर चुनाव हुए. 10 राज्यों की 37 सीटों में से 26 पर निर्विरोध विजेता पहले ही घोषित हो चुके थे और बाकी बचीं इन 11 सीटों पर रोमांचक मुकाबला देखने को मिला. नतीजे भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में रहे लेकिन जिस तरह से क्रॉस वोटिंग और विपक्षी विधायकों के गायब रहने की खबरें सामने आईं उसने इन चुनावों को सुर्खियों में ला दिया.

 बिहार में विपक्ष के 4 विधायक रहे गायब

बिहार में BJP के पांचों उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की लेकिन इन नतीजों के पीछे एक बड़ी कहानी रही. विपक्षी गठबंधन के चार विधायकों ने चुनाव में हिस्सा ही नहीं लिया. इनमें RJD का एक विधायक और कांग्रेस के तीन विधायक शामिल थे. विपक्ष के इन विधायकों का गायब रहना चर्चा का विषय बन गया और विपक्षी खेमे में बेचैनी साफ दिखाई दी.

 ओडिशा में कांग्रेस के 3 विधायकों ने की क्रॉस वोटिंग

ओडिशा में तो नतीजे और भी चौंकाने वाले रहे. यहां कांग्रेस के तीन विधायकों ने क्रॉस वोटिंग करते हुए BJP उम्मीदवार को वोट दे दिया. नतीजे में BJP के तीन और नवीन पटनायक की पार्टी BJD के एक उम्मीदवार की जीत हुई. कांग्रेस के अपने ही विधायकों की बगावत ने पार्टी को करारा झटका दिया.

 हरियाणा में कांग्रेस ने संभाली नाव 

हरियाणा में हालांकि कांग्रेस ने अपनी पार्टी को थामे रखा. क्रॉस वोटिंग की कोशिशों के बावजूद यहां एक सीट BJP को और एक सीट कांग्रेस को मिली. यह कांग्रेस के लिए तीनों राज्यों में इकलौती राहत की खबर रही.

 संजय राउत बोले – पैसे देकर विधायक खरीदती है BJP

राज्यसभा चुनाव के नतीजों पर शिवसेना UBT के सांसद संजय राउत ने BJP पर जमकर हमला बोला. उन्होंने कहा कि क्रॉस वोटिंग हमेशा होती है लेकिन जो पार्टी खुद को नीतिमान बताती है उसे शर्म आनी चाहिए कि पैसे देकर वे देश के सर्वोच्च सदन में खेल करते हैं. विधायकों को खरीद लिया जाता है और चुनाव जीत लिए जाते हैं. ओडिशा, बिहार और हरियाणा में फिर एक बार देश ने ऐसा होते देखा है और यह बहुत गलत है.

 LPG पर भी फूटा रावत का गुस्सा – काशी में अन्नपूर्णा मंदिर का लंगर बंद

LPG संकट पर संजय राउत ने कहा कि सरकार पर भरोसा मत रखिए. यह सरकार पंडित नेहरू, लाल बहादुर शास्त्री, इंदिरा गांधी या राजीव गांधी की सरकार नहीं है जो जनता को विश्वास में लेकर बात करे. दिल्ली और मुंबई में LPG के लिए लोग कतार में खड़े हैं और सरकार को दिखाई नहीं दे रहा.

मुंबई में रेस्टोरेंट बंद हो गए हैं. काशी के अन्नपूर्णा मंदिर में दो वक्त का भोजन मिलता था वह LPG की वजह से बंद हो गया. मुंबई में 50 फीसदी वड़ा पाव के ठेले बंद हो गए और स्कूल-कॉलेज की कैंटीन बंद हो गई. सरकार कह रही है LPG की कोई समस्या नहीं है यह दुर्भाग्यवश कहना पड़ रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *