Virar Crime News: महाराष्ट्र के विरार में अवैध तरीके से शुक्राणु जमा करके उसकी बिक्री करने वाले एक बड़े रैकेट का खुलासा हुआ है. यह मामला तब सामने आया जब वसई-विरार नगर निगम (Vasai‑Virar Municipal Corporation) के स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जांच की. जांच में पाया गया कि बिना किसी अधिकृत अनुमति या पंजीकृत चिकित्सा योग्यता के दाताओं से लिए गए शुक्राणुओं का भंडारण कर उनका व्यापार किया जा रहा था.
नगर निगम को सूचना मिली थी कि विरार के पद्मीबाई टॉवर में स्थित जीवदानी साइंटिफिक कंपनी में अवैध रूप से शुक्राणु बेचे जा रहे हैं. इसके बाद नगर निगम आयुक्त मनोजकुमार सूर्यवंशी के निर्देश पर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. भक्ति चौधरी ने एक मेडिकल टीम बनाकर कार्रवाई का आदेश दिया.
जांच में हुआ बड़ा खुलासा
9 मार्च को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पद्मीबाई टॉवर में स्थित जीवदानी साइंटिफिक कंपनी पर अचानक छापा मारा. जांच के दौरान पता चला कि यह एजेंसी मयूर भागवत संख्ये और कमलेश शंकर खुत के स्वामित्व में चल रही थी.
जांच में यह भी सामने आया कि यह स्थान सहायक प्रजनन प्रौद्योगिकी अधिनियम 2021 (Assisted Reproductive Technology Act 2021) के तहत एआरटी (ART) बैंक के रूप में पंजीकृत नहीं था. इसके बावजूद यहां दाताओं से प्राप्त शुक्राणुओं का भंडारण और बिक्री की जा रही थी.
नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है. अधिकारियों का कहना है कि अवैध चिकित्सा गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
स्त्री बीज बिक्री मामले के बाद सरकार हुई अलर्ट
इसी बीच बदलापुर में भी स्त्री बीज (एग) की अवैध बिक्री का मामला सामने आने के बाद राज्य सरकार सतर्क हो गई है. आरोप है कि सुलक्षणा गाडेकर नाम की महिला अपने घर से यह रैकेट चला रही थी. जरूरतमंद महिलाओं को पैसों का लालच देकर इंजेक्शन दिए जाते थे, जिससे उनके शरीर में स्त्री बीज बढ़ाए जाते थे.
इसके बाद महिलाओं को आईवीएफ सेंटर भेजा जाता था, जहां डॉक्टर ऑपरेशन थिएटर में स्त्री बीज निकालकर उनकी अवैध बिक्री करते थे. मामले की गंभीरता को देखते हुए देवेंद्र फडणवीस ने राज्य के सभी आईवीएफ केंद्रों की संयुक्त जांच के आदेश दिए हैं. पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने विभिन्न शहरों में जांच शुरू कर दी है.
पुलिस को शक है कि यह रैकेट अंतरराष्ट्रीय स्त्री बीज तस्करी से भी जुड़ा हो सकता है. राज्य भर में चल रही जांच के दौरान आने वाले दिनों में और भी बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है.