राजस्थान के भरतपुर जिले से एक बेहद शर्मनाक और सनसनीखेज वारदात सामने आई है. मथुरा गेट थाना क्षेत्र में 3-4 युवकों ने एक 14 वर्षीय नाबालिग का ऑटो से अपहरण कर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) किया.
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि बाकी फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है.
घर के बाहर से किया अपहरण
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, पीड़ित पिता ने बताया कि 10 मार्च की रात करीब 8:30 बजे उनकी 14 वर्षीय बेटी घर के बाहर टहल रही थी. तभी एक ऑटो में सवार 3-4 युवक वहां पहुंचे और उसे जबरन ऑटो में बैठाकर अपने साथ ले गए. आसपास के लोगों ने घटना को देखकर तुरंत परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद मथुरा गेट थाने में अपहरण का मामला दर्ज कराया गया.
हाईवे पर ले जाकर की दरिंदगी
शिकायत मिलते ही पुलिस ने नाबालिग की तलाश शुरू कर दी. रात करीब 2 बजे आरोपी बदहवास बच्ची को ‘काली की बगीची’ इलाके के पास छोड़कर फरार हो गए. पुलिस पूछताछ में पीड़िता ने बताया कि आरोपी उसे ऑटो में बैठाकर आगरा-जयपुर नेशनल हाईवे की तरफ ले गए थे, जहां उन्होंने उसके साथ कई बार दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया.
CCTV से मिला सुराग, दो गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले, जिससे वारदात में इस्तेमाल किए गए ऑटो की पहचान हो गई. पुलिस ने ऑटो को ट्रेस करते हुए अपहरण और गैंगरेप के दो आरोपियों को धर दबोचा है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जितेंद्र (निवासी तुहिया पट्टी, थाना उच्चैन) और आकाश (निवासी सिंघनिया, थाना गढ़ी बाजना) के रूप में हुई है. पुलिस अब इस घिनौनी वारदात में शामिल अन्य फरार आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है.