Skip to content

भदोही हत्याकांड: पीड़ित परिवार से मिले सांसद अरुण भारती, अखिलेश और यूपी पुलिस पर साधा निशाना

उत्तर प्रदेश के भदोही जिले के पिपरगांव में एक दलित (पासी) बुजुर्ग चौकीदार जैसलाल को जिंदा जलाकर मार डालने के मामले ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है. लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के यूपी प्रभारी और सांसद अरुण भारती ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं.

इस दौरान उन्होंने सूबे की योगी सरकार की पुलिस पर लापरवाही का बड़ा आरोप लगाया और समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव सहित विपक्ष पर जमकर निशाना साधा.

अखिलेश यादव के ‘PDA’ पर कसा तंज

एबीपी न्यूज़ संवाददाता से खास बातचीत में सांसद अरुण भारती ने सपा के ‘PDA’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) नारे पर सवाल खड़े किए. उन्होंने कहा कि चूंकि पीड़ित दलित (पासी) समाज से है और आरोपी यादव समाज से हैं, शायद इसीलिए अखिलेश यादव या उनका कोई भी बड़ा नेता यहाँ नहीं पहुँचा. उन्होंने आरोप लगाया कि सपा नेताओं ने पीड़ित के पक्ष में एक शब्द कहने की भी हिम्मत नहीं जुटाई, जिससे यह साबित होता है कि उन्हें पीड़ितों के दुख-दर्द से कोई सरोकार नहीं है.

योगी की पुलिस पर उठे सवाल, 50 लाख मुआवजे की मांग

यूपी पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए अरुण भारती ने कहा कि मृतक के खुद के बयान (Dying Declaration) के बावजूद केवल एक आरोपी को जेल भेजना न्यायसंगत नहीं है. परिजनों के अनुसार, 9 मार्च को हैंडपंप की शिकायत करने पर ग्राम प्रधान चिंता देवी, उनके पति और बेटे ने जैसलाल पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी थी. सांसद ने प्रशासन से मांग की है कि दोषियों पर कठोरतम कार्रवाई हो.

पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाए. रिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी व आवासीय पट्टा तुरंत प्रदान किया जाए. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि योगी सरकार से न्याय नहीं मिला, तो लोजपा इस अन्याय के खिलाफ सड़क से लेकर संसद तक आवाज उठाएगी.

कांशीराम के नाम पर हो रही केवल ‘वोट बैंक’ की राजनीति

दलित राजनीति पर बोलते हुए लोजपा नेता ने बसपा, सपा, कांग्रेस और आजाद समाज पार्टी को भी खरी-खोटी सुनाई. उन्होंने कहा कि ये सभी पार्टियां सिर्फ वोट बैंक के लिए मान्यवर कांशीराम का जन्मदिन मनाने की होड़ में लगी हैं, लेकिन दलितों के उत्थान और उन्हें न्याय दिलाने के वक्त ये सब गायब हो जाते हैं. दलित समाज को ऐसे ‘बहुरूपियों’ से बचना चाहिए.

कांशीराम को मरणोपरांत भारत रत्न देने की कांग्रेस की मांग पर पलटवार करते हुए भारती ने कहा, “कांशीराम जी दलित समाज के लिए भगवान हैं. अब सब केवल नेतागिरी कर रहे हैं. हम लोगों ने भी कांशीराम जी और हमारे पार्टी के संस्थापक व गरीबों के मसीहा स्वर्गीय रामविलास पासवान जी के लिए भारत रत्न की मांग की है.”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *