देशभर की राजनीति में राज्यसभा चुनावों की सरगर्मियां तेज हैं. इसी बीच सूत्रों के हवाले से अटकलें लगाई जा रही हैं कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यसभा के लिए नामांकन करने वाले हैं. नीतीश कुमार के नाम को लेकर चर्चाओं के बीच सूबे की सियासत तेज हो गई है.
इस बीच जेडीयू एमएलसी और नीतीश कुमार के बेहद करीबी माने जाने वाले संजय गांधी सीएम आवास पर नीतीश कुमार से मुलाकात करने के बाद बाहर निकले हैं. इस दौरान संजय गांधी ने कहा कि नीतीश कुमार से राज्यसभा चुनाव को लेकर मेरी कोई बातचीत नहीं हुई.
अटकलों के बीच संजय गांधी ने क्या कहा?
नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की अटकलों के बीच संजय गांधी ने कहा कि नीतीश कुमार अभी बिहार के मुख्यमंत्री हैं. वह राज्यसभा जाएंगे या नहीं यह फैसला उन्हीं को करना है. हम इस बारे में कुछ नहीं कह सकते.
उन्होंने आगे कहा कि नीतीश कुमार अपने फैसलों के बारे में किसी को जानकारी नहीं देते हैं. उन्होंने यह भी कहा कि निशांत कुमार राजनीति में सक्रिय होने वाले हैं. निशांत में राजनीतिक संभावनाएं हैं.
बिहार की राजनीति में बड़ा उलटफेर
नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने को लेकर बिहार की राजनीति में बड़ा उलटफेर देखने को मिल रहा है. ऐसे में बिहार के मुख्यमंत्री की कुर्सी को लेकर भी सुगबुगाहट शुरू हो गई है. कयास लगाए जा रहे हैं कि अगर नीतीश कुमार राज्यसभा जाते हैं तो बिहार के सीएम की कुर्सी पर कौन बैठेगा.
इससे यह भी अंदाजा लगाया जा रहा है कि नीतीश कुमार राज्यसभा जाते हैं तो बीजेपी मुख्यमंत्री की कुर्सी पर अपना दावा पेश कर सकती है. ऐसे में देखना यह होगा कि आखिर बिहार की कमान किसके हाथ में जाएगी.
नीतीश कुमार के बेटे का सियासी डेब्यू
जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के वरिष्ठ नेता एवं मंत्री श्रवण कुमार ने मंगलवार (3 मार्च) को कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार का राजनीति में आना तय हो चुका है और पार्टी जल्द ही इसकी औपचारिक घोषणा करेगी।
मंत्री ने कहा कि निशांत कुमार को पार्टी में ‘बड़ी जिम्मेदारी’ दी जाएगी. अब यह स्पष्ट है और अंतिम रूप दे दिया गया है कि निशांत कुमार सक्रिय राजनीति में शामिल होंगे। पार्टी एक-दो दिन में इसकी औपचारिक घोषणा करेगी। पार्टी कार्यकर्ता कई वर्षों से निशांत के राजनीति में आने की मांग कर रहे थे.