बिहार की पांच राज्यसभा सीटों पर एनडीए उम्मीदवारों की जीत हो गई है. सोमवार (16 मार्च, 2026) को हुए मतदान के बाद देर शाम नतीजों की घोषणा हुई है. इस बीच महागठबंधन को करारा झटका लगा है. आरजेडी ने एडी सिंह को उम्मीदवार बनाया था.
गिनती पूरी होने के बाद तेजस्वी यादव ने कहा कि आरजेडी के प्रत्याशी को 37 वोट मिले हैं. वहीं बीजेपी के शिवेश राम को 30 वोट मिले हैं. हम चाहते हैं काउंटिग प्रक्रिया निष्पक्ष हो. हम ये चुनाव जीत रहे हैं. बीजेपी की शुरू से ही प्रवृत्ति रही है कि बेईमानी, मशीन और धन तंत्र का प्रयोग कर के चुनाव जीतती है.
तेजस्वी यादव ने कहा कि काउंटिग की प्रक्रिया का वीडियो रिकॉर्डिंग होती है, सत्ता पक्ष ने रीकाउंटिंग की है जिसका मतलब है कि बीजेपी चुनाव हार गई है. आरजेडी को 37 वोट मिले हैं और एनडीए को 30 वोट मिले हैं. इसका साफ मतलब है कि हम चुनाव जीत चुके हैं.
यह भी पढ़ें- बिहार: राज्यसभा चुनाव में अपनों के ‘धोखा’ देने पर RJD का पहला रिएक्शन, ‘सत्ता और धन…’
पांच सीटों के लिए मैदान में थे कुल छह उम्मीदवार
बता दें कि बिहार की पांच सीटों के लिए मैदान में कुल छह उम्मीदवार थे. जेडीयू से नीतीश कुमार, रामनाथ ठाकुर, बीजेपी से नितिन नवीन, शिवेश राम और आरएलएम से उपेंद्र कुशवाहा ने नामांकन किया था. आरजेडी से एडी सिंह को उतारा गया था.
नतीजों के साथ यह भी साफ हो गया कि अब एनडीए के ये सभी उम्मीदवार राज्यसभा जाएंगे. दूसरी ओर नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने से बिहार को नया मुख्यमंत्री भी मिलेगा. अब इस पर लोगों की नजरें होंगी कि किसे अगला मुख्यमंत्री बनाया जाता है.
राज्यसभा चुनाव के नतीजों से पहले ही एनडीए की ओर से दावा किया जा रहा था कि सभी पांच सीटों पर जीत होगी. हालांकि आरजेडी प्रत्याशी को इसलिए झटका लगा कि महागठबंधन के चार विधायकों ने वोट ही नहीं दिया. इनमें तीन कांग्रेस के और एक आरजेडी के विधायक फैसल रहमान शामिल हैं.
यह भी पढ़ें- राज्यसभा चुनाव: बिहार में वोटिंग खत्म, महागठबंधन के इन 4 विधायकों ने नहीं किया मतदान