बिहार स्थित पूर्वी चंपारण जिले के आदापुर प्रखंड स्थित आंध्रा पकही पंचायत के वार्ड नंबर 7 में 15वीं वित्त योजना के तहत 10 लाख रुपये से अधिक की राशि से नाला निर्माण कराया जा रहा है. आरोप है कि नाला सड़क के बीचों-बीच बनाया जा रहा है, जिससे बरसात के दिनों में जल निकासी के बजाय जलजमाव की स्थिति बन सकती है. वर्तमान में नाला निर्माण के कारण सड़क की स्थिति बदसूरत और जानलेवा बताई जा रही है. दो ग्रामीणों के पैर टूटने की बात सामने आई है, जिनमें से एक का प्लास्टर कराया गया है, जबकि दूसरा इलाज के सहारे जीवन जी रहा है.
आंध्रा पकही पंचायत के वार्ड नंबर 7 निवासी मुहम्मदिन ने बताया कि 10 लाख रुपये से अधिक की लागत से बन रहा यह नाला अब ग्रामीणों के लिए समस्या बन गया है. उनके अनुसार, नवनिर्मित नाला सड़क के बीचों-बीच ऊंचा बनाया गया है, जिससे बरसात के दिनों में सड़क के दोनों ओर स्थित करीब 200 से अधिक घरों में जलजमाव की आशंका है. उन्होंने कहा कि कच्चे घरों के गिरने की संभावना भी जताई जा रही है.

ग्रामीणों के अनुसार, नाला निर्माण में पानी के प्रवेश की व्यवस्था किनारों से न देकर ऊपर से की गई है, जिससे छोटे बच्चों और पशुओं के फंसने का खतरा बना हुआ है.
आंध्रा पंचायत के उपमुखिया सह वार्ड नंबर 7 के वार्ड सदस्य शेख मुख्तार ने बताया कि आम लोगों के आग्रह और जलजमाव की समस्या को देखते हुए मुखिया द्वारा नाला निर्माण कराया जा रहा है. उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य उचित है, हालांकि कुछ स्थानों पर नाला सड़क से ऊंचा हो गया है, जिसे लेवलिंग कर बराबर किया जाएगा.
10 लाख रुपये से अधिक की राशि आवंटित
15वीं वित्त योजना के तहत आंध्रा पकही के वार्ड नंबर 7 में नाला निर्माण के लिए 10 लाख रुपये से अधिक की राशि आवंटित की गई है. इस कार्य में ग्रामसेवक को संवेदक बनाया गया है और पंचायती राज विभाग के तकनीकी अधिकारी संजीव कुमार की देखरेख में निर्माण कराया जा रहा है.
तकनीकी सहायक संजीव कुमार ने बताया कि कुछ स्थानों पर नाला ऊंचा हो गया है, जिसे सड़क के स्तर के अनुसार लेवलिंग कर ढलाई की जाएगी. उन्होंने यह भी कहा कि ईंटों की गुणवत्ता बेहतर है और इसी प्रकार की ईंटों का उपयोग अन्य निर्माण कार्यों में भी किया जाता है. उनके अनुसार, जनवरी में 15वीं वित्त योजना के तहत इस कार्य का प्राकलन पास किया गया था और निर्माण कार्य मानकों के अनुरूप किया जा रहा है.
यह भी पढ़ें- राज्यसभा चुनाव: वोट नहीं देने वाले कांग्रेस के तीसरे विधायक का पहला रिएक्शन, ‘महागठबंधन से…’
क्या है गांव वालों की दिक्कत?
आंध्रा पकही पंचायत के वार्ड नंबर 7 निवासी महमद मिश बाहुद्दीन ने बताया कि नाला का निर्माण बीच में ‘रीढ़ की हड्डी’ की तरह ऊंचा किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि ग्रामीणों द्वारा हस्ताक्षरयुक्त आवेदन 28 फरवरी को प्रखंड विकास पदाधिकारी आदापुर को दिया गया, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई, जांच या निरीक्षण नहीं किया गया है.
महमद मिश बाहुद्दीन ने आरोप लगाया कि मुखिया द्वारा कहा गया कि निर्माण कार्य हो या न हो, भुगतान को कोई नहीं रोक सकता. उनके अनुसार, पहले से बनी सड़क के बीचों-बीच नाला ऊंचा बना दिया गया है और पानी के निकास के लिए ऊपर से व्यवस्था की गई है, जिससे नाले के दोनों ओर सड़क पर करीब एक से डेढ़ फीट पानी भरने के बाद ही निकासी संभव होगी. ऐसी स्थिति में बरसात के दिनों में कई घरों में पानी घुसने की आशंका जताई गई है.
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क से ऊंचा नाला बनने के कारण इस मार्ग पर बाइक, टेंपो और छोटी गाड़ियों का आवागमन प्रभावित होगा, जिससे लोगों को अपने घरों तक पहुंचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा.
यह भी पढ़ें- राज्यसभा चुनाव: संजय झा ने CM नीतीश कुमार को सौंपा जीत का प्रमाण-पत्र, बता दी आगे की रणनीति