महाराष्ट्र की बारामती सीट पर उपचुनाव को लेकर तारीखों का ऐलान कर दिया गया है. महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार के निधन से ये सीट खाली हुई थी. चुनाव आयोग की घोषणा के बाद शरद गुट के नेता रोहित पवार ने अजित पवार को याद करते हुए सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट किया है. उन्होंने कहा कि कभी किसी ने सपने में भी नहीं सोचा था कि यहां उपचुनाव कराने की जरूरत पड़ेगी.
एनसीपी (SP) के विधायक रोहित पवार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ”बारामती विधानसभा क्षेत्र में, जहां सिर्फ जीत के अंतर की चर्चा होती थी, किसी ने सपने में भी नहीं सोचा होगा कि वहां उपचुनाव कराना पड़ेगा, लेकिन दुर्भाग्य से, अजित दादा हमें छोड़कर चले गए हैं और आज बारामती विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव की घोषणा हो गई है. कभी-कभी हकीकत कल्पना से भी ज्यादा भयावह होती है.”
ज्या निवडणुकीत फक्त मताधिक्याचीच चर्चा व्हायची त्या बारामती मतदारसंघात कधी पोटनिवडणूक घ्यावी लागेल, असं कुणाला स्वप्नातही कधी वाटलं नाही.. पण दुर्दैवाने अजितदादा आपल्यातून गेले आणि आज बारामती विधानसभा मतदारसंघासाठी पोटनिवडणूक जाहीर झाली..
कधी कधी वास्तव हे कल्पनेपेक्षाही अधिक…
— Rohit Pawar (@RRPSpeaks) March 15, 2026
बारामती सीट पर कब है वोटिंग?
भारत निर्वाचन आयोग ने रविवार (15 मार्च) को महाराष्ट्र की दो सीटों राहुरी और बारामती विधानभा सीट पर उपचुनाव के लिए तारीखों की घोषणा की है. इनमें राहुरी सीट बीजेपी के विधायक रहे शिवाजी कर्डीले और बारामती सीट अजित पवार के निधन की वजह से खाली हुई. यहां दोनों सीटों पर उपचुनाव के लिए 23 अप्रैल को वोटिंग होगी और 4 मई को नतीजे घोषित होंगे.
राहुरी और बारामती उपचुनाव को लेकर कार्यक्रम
- 30 मार्च 2026 को अधिसूचना जारी होगी
- 6 अप्रैल को नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख
- 7 अप्रैल नामांकन पत्रों की जांच की आखिरी तारीख
- 9 अप्रैल 2026 तक प्रत्याशी नाम ले सकते हैं वापस
- 23 अप्रैल 2026 को वोटिंग होगी
- 4 मई 2026 को उपचुनाव के नतीजे आएंगे
रोहित पवार ने राहुल गांधी से की थी मुलाकात
शरद पवार गुट के नेता रोहित पवार ने 12 मार्च को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की थी. इस दौरान बारामती विमान हादसे की जांच पर गंभीर चिंता जताई थी. रोहित पवार ने बताया था कि अलग-अलग सोर्स से मेहनत से इकट्ठा किए गए सबूतों का एक डिटेल्ड डोजियर उन्हें सौंपा. साथ ही राहुल गांधी से इस मुद्दे को लोकसभा में उठाने और निष्पक्ष जांच की मांग करने का आग्रह भी किया था.
रोहित पवार कई बार उठा चुके हादसे की जांच पर सवाल
रोहित पवार बारामती हादसे के बाद कई बार इसकी जांच को लेकर सवाल उठा चुके हैं. वो इस हादसे को महज दुर्घटना नहीं मानते हैं. उन्होंने इस हादसे को लेकर कई बार साजिश का आरोप लगाया है. शरद पवार गुट के नेता ने कंपनी वीएसआर वेंचर्स और डीजीसीए अधिकारियों को बचाने की कोशिश का भी दावा किया है. बता दें कि 28 जनवरी 2026 को हुए विमान हादसे में अजित पवार, उनके पीएसओ विदिप जाधव, दो पायलट और एक केबिन क्रू सदस्य की मौत हो गई थी. जिसके बाद उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार को महाराष्ट्र का डिप्टी सीएम बनाया गया था.