Skip to content

बस्ती राजकीय इंटर कॉलेज में सामूहिक विवाह कार्यक्रम संपन्न, परिणय सूत्र में बंधे 200 जोड़े

बस्ती जिले के राजकीय इंटर कॉलेज का विशाल मैदान आज उत्सव के रंग में सराबोर नजर आया. उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की तरफ से ‘कन्या विवाह सहायता योजना’ का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में एक साथ 200 जोड़ों का सामूहिक विवाह संपन्न कराया गया. जनपद के इतिहास में यह पहली बार है, जब इतनी बड़ी संख्या में श्रमिक परिवारों की बेटियों के हाथ एक ही पंडाल के नीचे पीले किए गए.

समारोह को लेकर उप श्रम आयुक्त ने बताया कि इस योजना का उद्देश्य निर्धन श्रमिक परिवारों को साहूकारों के कर्ज से बचाना और बेटियों को सम्मानजनक विदाई देना है. इसमें से 85,000 हजार रुपये सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में भेजे जाएंगे, जबकि ₹15,000 आयोजन की व्यवस्थाओं भोजन, टेंट, उपहार पर खर्च किए गए हैं. उप श्रम आयुक्त ने आवेदन की जटिलताओं को खत्म करने का दावा करते हुए कहा कि अब दफ्तरों की दौड़ लगाने का युग समाप्त हो चुका है. 

योजना का लाभ लेने के लिए घर बैठे कर सकते हैं आवेदन

उन्होंने स्पष्ट किया अगर आप भवन निर्माण, राजमिस्त्री या मजदूरी से जुड़े हैं, तो बीओसी बोर्ड में अपना पंजीकरण कराएं. पंजीकरण के 6 माह बाद यदि आपकी बेटी विवाह योग्य है, तो आप घर बैठे अपने गांव से ही मोबाइल या जनसेवा केंद्र के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं. हम इसकी दैनिक मॉनिटरिंग करते हैं और मात्र 3 कार्यदिवसों के भीतर पूरी प्रक्रिया संपन्न कर ली जाती है.

हिंदुओं के साथ 6 मुस्लिम जोड़ों का विवाह संपन्न

इस विवाह आयोजन में 06 मुस्लिम जोड़ों का निकाह कराया गया, जबकि शेष हिंदू जोड़ों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सात फेरे लिए. इस भव्य उत्सव में बस्ती के 155, संतकबीरनगर के 12 और सिद्धार्थनगर का 01 जोड़ा शामिल हुआ. प्रशासन ने अपील की है कि जिले का हर वो व्यक्ति जो निर्माण कार्यों पेंटर, प्लंबर, इलेक्ट्रिशियन, राजमिस्त्री आदि से जुड़ा है, वह अपना कार्ड अवश्य बनवाए. पंजीकरण के बाद न केवल कन्या विवाह, बल्कि चिकित्सा, शिक्षा और आपदा राहत जैसी दर्जनों सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे प्राप्त किया जा सकता है.

अधिकारियों ने अंपजीकृत श्रमिको से की अपील

समारोह के अंत में प्रशासनिक अधिकारियों ने जिले के सभी अपंजीकृत श्रमिकों से अपील की कि वे अपना श्रम कार्ड अवश्य बनवाएं. एक बार बोर्ड से जुड़ने के बाद, श्रमिक न केवल कन्या विवाह बल्कि बच्चों की शिक्षा, चिकित्सा सहायता, आवास सहायता और आपदा राहत जैसी दर्जनों कल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ उठा सकेंगे.

जीआईसी ग्राउंड में हुए इस कार्यक्रम में गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष महेश शुक्ला बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे. उन्होंने कहा कि श्रम विभाग की तरफ से शादी समारोह का आयोजन किया गया था, जिसमें गरीब बेटियों की शादी हुई और उन्हें सरकार की तरफ से गिफ्ट भी दिए गए. योगी सरकार के द्वारा ऐसी बहुत सी योजनाएं संचालित हो रही है जिसका सीधा लाभ गरीब परिवारों की बेटियों को मिल रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *