बस्ती जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के कटरा मोहल्ले में चोरों के दुस्साहस का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक गिरोह ने दिनदहाड़े घर के बाहर रखे भरे हुए गैस सिलेंडर को अपना निशाना बनाया. इस घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है और लोग अपनी संपत्ति की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं.
वहीं, सिलेंडर चोरी की घटना के बाद पीड़ित परिवार काफी आहत है कि अब उसके घर चूल्हा कैसे जलेगा, सिलेंडर गैस की किल्लत को लेकर बड़ी मुश्किल से भरा हुआ सिलेंडर किसी तरह मिला था लेकिन चोरों ने उस सिलेंडर पर भी हाथ साफ कर दिया है. पीड़ित परिवार काफी परेशान है.
‘आर्थिक नुकसान के साथ समय की बर्बादी’
पीड़ित राहुल पाल के मुताबिक, उन्होंने गैस एजेंसी पर लंबी लाइन में लगकर कड़ी मशक्कत के बाद नया सिलेंडर प्राप्त किया था. घर पहुंचने के बाद उन्होंने सिलेंडर को सुरक्षित करने के लिए बाहर रखा, लेकिन इसी बीच चोरों ने हाथ साफ कर दिया. राहुल ने बताया कि सिलेंडर के चोरी होने से उन्हें न केवल आर्थिक नुकसान हुआ है, बल्कि उन्हें दोबारा गैस के लिए वही लंबी प्रक्रिया अपनानी पड़ेगी, जो बेहद कष्टदायक है.
सीसीटीवी में कैद हुई चोर की हरकत
घटना की सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि चोरों ने इसे सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया. पास ही लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद फुटेज से स्पष्ट हो रहा है कि आरोपी पहले से ही इलाके की रेकी कर रहा था. फुटेज में देखा जा सकता है कि मौका मिलते ही संदिग्ध युवक बड़ी चतुराई से घर के आंगन में प्रवेश करता है और सिलेंडर उठाकर चंपत हो जाता है. चोरों की बेखौफ हरकत से स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश है.
पुलिस ने शुरू की चोर की तलाश
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में ले लिया है. पुलिस के अनुसार, फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. कोतवाली प्रभारी ने बताया कि इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है और जल्द ही इस गिरोह का पर्दाफाश कर लिया जाएगा. फिलहाल चोर का चेहरा सामने आने के बाद अब पुलिस उसे पकड़ने के लिए सक्रिय हो गई है.
इस घटना ने कटरा मोहल्ले के लोगों को सतर्क कर दिया है. लोगों का कहना है कि अब घर के बाहर छोटी-मोटी चीजें रखना भी असुरक्षित हो गया है. पुलिस ने भी जनता से अपील की है कि वे अपने गैस सिलेंडर, वाहन या अन्य कीमती सामान को घर के अंदर रखें और बाहर की गतिविधियों पर नजर रखें.