यूपीएससी सीएसई 2025 का फाइनल रिजल्ट जारी हो गया है. काफी दिनों से लाखों उम्मीदवार इसके लिए इंतजार कर रहे थे. आधिकारिक वेबसाइट (https://upsc.gov.in/) पर परीक्षा का परिणाम देखा जा सकता है. बिहार के नवादा जिले के अकबरपुर प्रखंड अंतर्गत महुली गांव के रहने वाले रवि राज ने रैंक 20 हासिल की है. वे आईएएस बनेंगे. उनकी इस उपलब्धि से परिवार गदगद है.
रिजल्ट के बाद रवि राज से शुक्रवार (06 मार्च, 2026) को एबीपी न्यूज़ ने फोन पर बात की. उन्होंने कहा कि उन्होंने रैंक 20 हासिल की है. बहुत गर्व महसूस कर रहे हैं. उन्होंने बताया कि वे अभी बिहार में नहीं हैं.
बता दें कि रवि राज ने बचपन में ही आंखों की रोशनी खो दी थी, लेकिन मां ने सपनों की रोशनी कभी कम नहीं होने दी. यूपीएससी से पहले रवि राज बीपीएससी की परीक्षा पास कर चुके हैं. उस वक्त जब मीडिया ने उनकी मां विभा से बात की थी तो उन्होंने बताया था कि वे पुस्तकें पढ़कर बेटे को सुनाती हैं. नोट्स भी बनाती हैं.
8-10 घंटे पढ़ाई की… खान सर का लेक्चर सुना
परिवार ने उस वक्त बताया था कि सिविल सेवा की परीक्षा के लिए रवि राज रोजाना 8-10 घंटे घर पर पढ़ाई करते हैं. यूट्यूब पर खान सर का लेक्चर भी सुनते हैं. परिवार की बात की जाए तो पिता रंजन कुमार सिन्हा किसान हैं. माता विभा सिन्हा गृहिणी हैं.
यह भी पढ़ें- नीतीश कुमार दिल्ली में रहकर भी ‘कंट्रोल’ करेंगे बिहार? BJP के सामने रख दी ये बड़ी शर्त!
बीपीएससी परीक्षा पास कर बने थे राजस्व अधिकारी
रवि राज ने इससे पहले जब बीपीएससी की परीक्षा पासी की थी तो वे राजस्व अधिकारी बने थे. जिला टॉपर रहे थे. अब यूपीएससी में रिजल्ट हुआ है और रैंक 20 लाकर वे आईएएस बनने का सपना पूरा करेंगे. प्रारंभिक शिक्षा दयाल पब्लिक स्कूल, इंटरमीडिएट सत्येंद्र नारायण सिंह इंटर स्कूल और स्नातक (राजनीति विज्ञान) सीताराम साहू कॉलेज से की है.
यह सफलता सिर्फ व्यक्तिगत नहीं, बल्कि पूरे नवादा और बिहार के लिए प्रेरणा है. गांव-पंचायत में खुशी का माहौल है. परिवार गर्व से लबरेज है. रवि राज साबित कर चुके हैं कि मेहनत और परिवार का सहयोग हो तो कोई बाधा बड़ी नहीं होती.
यह भी पढ़ें- बिहार: CM नीतीश कुमार ने नहीं बदला फैसला तो कार्यकर्ता लेंगे ‘बदला’, कहा- ‘आपका निर्णय…’