उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद में सदर विधानसभा के पूर्व विधायक विजय सिंह उर्फ उस्ताद के आवास पर विस्फोट हुआ. समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक के घर पर ब्लास्ट होने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया. फर्रुखाबाद शहर के मोहल्ला नाला मछरट्टा स्थित विजय सिंह के आवास पर शाम 7.15 बजे भयंकर विस्फोट की आवाज सुनी गई.
घटना की जानकारी करने के लिए लोगों की भीड़ एकत्र हो गई भयंकर विस्फोट होने से पूरा मकान क्षतिग्रस्त होकर धंस गया है. खिड़कियों के शीशे टूट कर सड़क पर जा गिरे. हादसे में विधायक के पुत्र सिक्की और विक्की एवं नूरपुर के पूर्व प्रधान भैया चौहान घायल हुए हैं जिनको पुलिस ने साहिबगंज चौराहा स्थित भारत नर्सिंग होम भर्ती कराया गया है.
ब्लास्ट के समय घर में थे दोनों बेटे
मौके पर पहुंची पुलिस को पूर्व विधायक की पत्नी दमयंती सिंह ने बताया कि वह मकान में पूजा कर रही थीं. भयंकर विस्फोट की आवाज सुनकर समझीं कि भूकंप आया है. उन्होंने बताया कि घटना के समय बेटे सिक्की और विक्की मकान के ग्राउंड फ्लोर पर थे.
हादसे की सूचना मिलने पर अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह और क्षेत्राधिकारी नगर ऐश्वर्या उपाध्याय घटना स्थल पहुंची. सीओ ऐश्वर्या उपाध्याय ने घटना के बारे में दमयंती सिंह से पूछताछ की. पुलिस अधिकारियों ने मकान के अंदर क्षतिग्रस्त स्थल का निरीक्षण भी किया है.
विस्फोट के कारणों का नहीं चला पता
पूर्व विधायक की पत्नी दमयंती सिंह ने सीओ सिटी को बताया की दोनों बेटों के साथ यहां चार-पांच लोग बैठे थे भैया लाल के पैर टूट गए हैं बीकानेर भुजिया वालों का बेटा रिशु भी मौजूद था. हादसे की सूचना मिलने पर जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह आदि अधिकारी घटनास्थल पहुंचे अधिकारियों ने सड़क पर खड़े होकर मकान की स्थिति का जायजा लिया.
पूर्व विधायक विजय सिंह के आवास पर हुए भयंकर विस्फोट के मामले में पुलिस ने डीवीआर को भी कब्जे में ले लिया है. जिससे सुराग मिलने की संभावना व्यक्त की जा रही है. पुलिस फिलहाल विस्फोट के बारे में पता नहीं कर सकी. घटना की जानकारी लेने के बाद पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने मीडिया को बताया की करीब 7.45 बजे पूर्व विधायक के आवास के बेसमेंट में विस्फोट हुआ है. फॉरेंसिक टीम के द्वारा जांच पड़ताल की जा रही है.
घर में 6 लोग थे मौजूद
घटना के समय आवास में आधा दर्जन लोग मौजूद थे, विस्फोट के हमले में पांच लोग घायल हुए हैं जिनको अस्पताल ले जाया गया है. उन्होंने बताया कि पूर्व विधायक की पत्नी की स्थिति सामान्य है सीसीटीवी का डीवीआर कब्जे में लिया गया है जिसकी जांच पड़ताल की जाएगी. जांच पड़ताल करने के बाद ही कोई निष्कर्ष निकलेगा. जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने मीडिया को बताया की पूर्व विधायक का आवास तीन मंजिला है विस्फोट के मामले में फॉरेंसिक टीम के द्वारा जांच की जा रही हैं.
फर्रुखाबाद से पूर्व विधायक विजय सिंह के आवास पर हुए विस्फोट के मामले में बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया है. मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारी दस्ते के इंतजार में देर रात तक मौजूद हैं. पूर्व विधायक के आवास के बाहर फायर ब्रिगेड की बड़ी व छोटी गाड़ियों को बुला लिया गया है.
मौके पर जिलाधिकारी पुलिस अधीक्षक अपर पुलिस अधीक्षक अपर पुलिस अधीक्षक सीओ सिटी एडीएम एसडीएम तहसीलदार आदि अधिकारी मौजूद हैं.
सूत्रों से पता चला है कि कानपुर से बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया है जो वहां से रवाना हो गया है. बम निरोधक दस्ते के करीब रात 1 बजे तक यहां पहुंचने की संभावना जाहिर की गई है.