Maharashtra News: महाराष्ट्र के पुणे के बाणेर पुलिस स्टेशन में शराब के नशे में धुत एक लड़की के हंगामा करने और महिला पुलिस उपनिरीक्षक के हाथ में काटने की चौंकाने वाली घटना सामने आई है. इस मामले में पुलिस ने लड़की और उसके दोस्त के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है.
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, यह घटना 3 मार्च की रात 11:45 बजे से 4 मार्च की सुबह करीब 5:30 बजे के बीच हुई. आरोपी लड़की की पहचान 24 साल के मानसी चंपालाल परिहार के रूप में हुई है, जो एक छात्रा है. वहीं उसके दोस्त का नाम 24 साल का युवराज निलेश परतानी है, जो मूल रूप से हरियाणा का रहने वाला है और पुणे में नौकरी करता है.
शराब पीने के बाद किसी बात को लेकर मारपीट हुई
बताया गया है कि दोनों 3 मार्च को पुणे के बालेवाड़ी इलाके में स्थित एक रेस्तरां में पार्टी करने गए थे. वहां शराब पीने के बाद किसी बात को लेकर उनके साथ मारपीट हुई, जिसके बाद दोनों ने रेस्तरां में हंगामा शुरू कर दिया. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची. मौके पर मानसी ने पुलिस से कहा कि उनके साथ मारपीट हुई है और तुरंत होटल की सीसीटीवी फुटेज दिखाने की मांग की.
इस पर होटल मैनेजर ने बताया कि सीसीटीवी का कंट्रोल यूनिट मुंबई में है और फुटेज अगले दिन उपलब्ध कराई जा सकती है. पुलिस ने दोनों को शिकायत दर्ज कराने के लिए पुलिस स्टेशन आने को कहा, लेकिन इस दौरान दोनों ने पुलिस से बहस शुरू कर दी और गाली-गलौज करने लगे.
पुलिस उपनिरीक्षक की वर्दी खींची और हाथ में काटा
इसके बाद पुलिस दोनों को बाणेर पुलिस स्टेशन ले गई और उन्हें मेडिकल जांच के लिए जाने को कहा. लेकिन पुलिस स्टेशन पहुंचने के बाद भी दोनों ने हंगामा जारी रखा. इसी दौरान मानसी ने महिला पुलिस उपनिरीक्षक की वर्दी खींची और उनके हाथ में काट लिया. इतना ही नहीं, उसने आत्महत्या करने की धमकी देते हुए कहा कि वह अपने सुसाइड नोट में बाणेर पुलिस स्टेशन और वहां के पुलिसकर्मियों का नाम लिखेगी.
वहीं युवराज ने भी पुलिस को धमकी देते हुए कहा कि वह अपनी ताकत का इस्तेमाल कर उनकी नौकरी छीन सकता है. दोनों ने कहा कि वे अगले दिन इलाज कराकर फिर पुलिस स्टेशन आएंगे, लेकिन अभी तक वे वापस नहीं पहुंचे हैं. फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है.