Skip to content

पुणे: चाकन में आवारा कुत्तों के झुंड ने महिला को मार डाला, रात 2 बजे फ्लाईओवर के नीचे किया हमला

महाराष्ट्र के पुणे जिले के चाकन शहर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है जहां आवारा कुत्तों के एक झुंड ने एक महिला पर हमला कर उसे मार डाला. घटना का CCTV फुटेज सामने आया है जिसमें महिला को पत्थर उठाकर खुद का बचाव करने की कोशिश करते देखा जा सकता है लेकिन वह कुत्तों के झुंड के सामने बेबस साबित हुईं और महज 15 मिनट के भीतर उनकी मौत हो गई.

मृतक महिला की पहचान शोभा विजय वाघमारे के रूप में हुई है. वह मूल रूप से नांदेड़ जिले के देगलूर की रहने वाली थीं और फिलहाल चाकन इलाके में रह रही थीं. सोमवार 16 मार्च की रात करीब 2 बजे जब वह अंबेटन चौक के पास फ्लाईओवर के नीचे सर्विस रोड पर चल रही थीं तभी अचानक करीब छह आवारा कुत्तों के झुंड ने उन पर हमला कर दिया.

 पत्थर से किया बचाव, 15 मिनट में हो गई मौत

CCTV फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि महिला ने पत्थर उठाकर कुत्तों को भगाने की पूरी कोशिश की लेकिन छह कुत्तों के झुंड के सामने वह अकेली बेबस साबित हुईं. कुत्तों ने उनके हाथों, पैरों, चेहरे और गर्दन पर गहरे जख्म कर दिए. अत्यधिक खून बहने के कारण करीब 15 मिनट के भीतर ही उनकी मौके पर ही मौत हो गई.

 सुबह अर्धनग्न हालत में मिला शव, पहले हत्या की आशंका

सुबह जब स्थानीय लोगों ने महिला का शव अर्धनग्न अवस्था में देखा तो पूरे इलाके में दहशत फैल गई. शुरू में हत्या या यौन उत्पीड़न की आशंका जताई जा रही थी. हालांकि CCTV फुटेज की जांच के बाद पुलिस ने पुष्टि की कि यह घटना आवारा कुत्तों के हमले का ही नतीजा थी.  इस दर्दनाक घटना के बाद चाकन इलाके में आवारा कुत्तों का बढ़ता आतंक एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है. नागरिकों में डर का माहौल बन गया है और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस गंभीर समस्या के समाधान के लिए तत्काल कदम उठाने की मांग की है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *