Skip to content

पालम अग्निकांड में मरने वालों की संख्या बढ़ी, तीन नाबालिग बच्चियों समेत 9 की मौत, 3 घायल

दिल्ली स्थित पालम मेट्रो के पास 5 मंजिला इमारत में लगी आग में मृतकों की संख्या बढ़ गई है. फायर डिपार्टमेंट और जिला प्रशासन द्वारा उपलबध कराई गई जानकारी के अनुसार अब तक घटना में 9 लोग मारे गए हैं जिसमें तीन बच्चियां शामिल हैं.

उपलब्ध जानकारी के अनुसार मणिपाल अस्पताल में 8 लोगों की मृत्यु हुई है, जिनमें प्रवेश (पुरुष, 33 वर्ष), कमल (पुरुष, 39 वर्ष), आशु (महिला, 35 वर्ष), लाडो (महिला, 70 वर्ष), हिमांशी (महिला, 22 वर्ष) और तीन नाबालिग लड़कियां शामिल हैं, जिनकी उम्र क्रमशः 15 वर्ष, 6 वर्ष और 3 वर्ष है.

वहीं आईजीआई अस्पताल में एक महिला दीपिका (लगभग 28 वर्ष) को मृत अवस्था में लाया गया. वहीं एक पुरुष अनिल (लगभग 32 वर्ष) और एक 2 वर्षीय बच्ची का इलाज चल रहा है. इसके साथ ही सफदरजंग अस्पताल में सचिन (29 वर्ष) नाम के एक पुरुष को भर्ती कराया गया है, जिन्हें लगभग 25 प्रतिशत तक जलने की चोटें आई हैं.

दिल्ली में पालम मेट्रो के पास लगी भीषण आग, 2 लोग बिल्डिंग से कूदे, 7 की जिंदा जलकर मौत, सामने आईं भयावह तस्वीरें

सीएम रेखा गुप्ता ने जताया दुःख

 मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस घटना पर गहरा दुख जताया और इमारत के अंदर फंसे हुए लोगों को बाहर निकालने के लिए उचित कार्रवाई और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया.सीएम रेखा गुप्ता ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट कर लिखा, पालम स्थित एक बहुमंजिला आवासीय इमारत में आग लगने की दुर्भाग्यपूर्ण घटना के बारे में जानकर अत्यंत दुख हुआ. मिली जानकारी के अनुसार, इस घटना में लोगों के मारे जाने की आशंका है, जबकि कुछ लोग अभी भी इमारत के अंदर फंसे हुए हैं. जिला प्रशासन, दिल्ली अग्निशमन सेवा विभाग और दिल्ली पुलिस मिलकर बचाव अभियान का नेतृत्व कर रहे हैं. इस घटना की जांच के लिए एक मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए गए हैं. सभी की सुरक्षा के लिए प्रार्थना करती हूं!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *