Skip to content

नालंदा मंदिर हादसा: श्रद्धालुओं की मौत पर धार्मिक न्यास बोर्ड के अध्यक्ष के बयान से बवाल, ऐसा क्या कहा?

बिहार के नालंदा में बीते मंगलवार (31 मार्च, 2026) को शीतला माता के मंदिर में भगदड़ मची थी. इस हादसे में 9 (प्रशासन की ओर से 8 की पुष्टि, एक शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया गया) श्रद्धालुओं की मौत हो गई थी. कई घायल हुए थे. इस बीच बुधवार (01 अप्रैल, 2026) को मामले की जांच के लिए बिहार राज्य धार्मिक न्यास बोर्ड के अध्यक्ष रणवीर नंदन पहुंचे. इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत के क्रम में ऐसा बयान दिया जिसने लोगों को चौंका दिया है. 

रणवीर नंदन ने क्या बयान दिया है?

रणवीर नंदन ने कहा, “जिन लोगों की मृत्यु हो गई है उन्हें भगवान मोक्ष दें… जो इस घटना के दोषी हैं उन्हें क्षमा करें.” रणवीर नंदन के इस बयान पर लोग आपत्ति जता रहे हैं. इतने बड़े हादसे के बाद इस तरह के बयान से लोगों में नाराजगी बढ़ गई है. 

यह भी पढ़ें- Nalanda Stampede: नालंदा के शीतला मंदिर भगदड़ मामले में 40 लोग बनाए गए आरोपी, 4 की गिरफ्तारी

इस तरह के बयान को लोगों ने बताया दुर्भाग्यपूर्ण

रणवीर नंदन के बयान को लेकर स्थानीय लोगों और मृतकों के परिजनों का कहना है कि जहां प्रशासन और जिम्मेदार पदों पर बैठे लोगों पर सख्त कार्रवाई की बात करनी चाहिए वहीं इस तरह का गैर-जिम्मेदाराना बयान देना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है. 

20 नामजद और 20 अज्ञात पर दर्ज हुआ मामला

बता दें कि इस घटना में कार्रवाई करते हुए दीपनगर थाना पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है. थाने में 20 नामजद और 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है. पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. जो भी दोषी पाए जाएंगे उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

गौरतलब हो कि बीते मंगलवार को हुई इस घटना के बाद जिले में हड़कंप मच गया था. मृतकों के परिजन एक तरफ जहां जिला प्रशासन और पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं तो वहीं पदाधिकारियों का कहना है कि मंदिर समिति ने मेला या भीड़ प्रबंधन की कोई सूचना पुलिस को नहीं दी थी.

यह भी पढ़ें- बिहार: ‘गलत करने वाले को सीधे गोली मारें’, नालंदा में हुई छेड़खानी के मामले ने पकड़ा तूल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *