देहरादून के पटेल नगर इलाके से गैंगरेप की सनसनीखेज घटना सामने आई है. 14 साल की एक बच्ची के साथ दरिंदगी की गई है. गैंगरेप की इस घटना ने हर किसी को सन्न कर दिया है. पीड़ित बच्ची शाम को कपड़े देने निकली थी, इसी दौरान उसके साथ तीन नाबालिग लड़कों ने मिलकर गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया. पुलिस ने इस मामले में तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया है.
कैसे हुई पूरी वारदात?
जानकारी के मुताबिक गुरुवार (12 मार्च) की शाम करीब सात बजे पीड़िता अपने मोहल्ले में धुलाई के कपड़े देने निकली थी. इसी दौरान एक जान-पहचान के लड़के ने उसे फोन किया और हरिद्वार बाईपास के पास एक स्कूल के नजदीक बुलाया. बच्ची को अंदेशा तक नहीं था कि वहां पहले से दो और लड़के उसका इंतजार कर रहे हैं.
बच्ची को बातों में उलझाकर जंगल ले गए आरोपी
बताया जा रहा है कि तीनों आरोपियों ने पहले उसे बातों में उलझाया, फिर पास के जंगल की तरफ ले गए. वहां उसे कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया. जब वह बेहोश हो गई, तब इन तीनों ने उसके साथ गैंगरेप किया. रात भर जंगल में रखने के बाद अगली सुबह यानी शुक्रवार (13 मार्च) को तीनों आरोपी एक ई-रिक्शा में उसे बेहोशी की हालत में उसके घर के बाहर छोड़कर फरार हो गए.
सुबह पीड़िता को होश आया तब क्या हुआ?
सुबह जब बच्ची को होश आया तो उसने परिजनों को सारी बातें बताई, जिसके बाद घर में कोहराम मच गया. पीड़ित बच्ची की मां तुरंत पटेल नगर कोतवाली पहुंची और रिपोर्ट दर्ज कराई. खबर फैलते ही बजरंग दल के कार्यकर्ता भी कोतवाली पहुंच गए और आरोपियों की फौरन गिरफ्तारी की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया. पुलिस ने निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद माहौल कुछ शांत हुआ.
पुलिस की कार्रवाई
पीड़िता की मां की ओर से दी गई जानकारी और फोटो के आधार पर पुलिस ने तेजी से काम किया. तीनों आरोपी नाबालिगों को जल्द ही हिरासत में ले लिया गया. उनके खिलाफ गैंगरेप की घटना की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है. चूंकि तीनों आरोपी नाबालिग हैं, इसलिए उन्हें जुवेनाइल कोर्ट में पेश किया जाएगा और संभावना है कि उन्हें बाल सुधार गृह भेजा जाए.