Skip to content

दिल्ली: होली में सख्त निगरानी, 15000 पुलिसकर्मी रहेंगे तैनात, नशे में ड्राइविंग पर जीरो टॉलरेंस

होली के मौके पर राजधानी में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए दिल्ली पुलिस ने इस बार खास तैयारी की है. बुधवार (4 मार्च) को पूरे शहर में 15,000 से ज्यादा पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी. अधिकारियों का कहना है कि कोशिश यही है कि रंगों का त्योहार शांति और सुरक्षा के साथ मनाया जाए और किसी तरह की गड़बड़ी न हो.

पुलिस के मुताबिक, संवेदनशील जगहों, बड़े चौराहों, बाजारों और रिहायशी इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा. जिला पुलिस, ट्रैफिक पुलिस और पीसीआर यूनिट की टीमें लगातार गश्त करेंगी. सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे, ताकि उपद्रवियों पर नजर रखी जा सके.

शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों पर सख्ती

होली के दिन अक्सर शराब पीकर गाड़ी चलाने की शिकायतें आती हैं. इसे देखते हुए इस बार विशेष जांच अभियान चलाया जाएगा. प्रमुख सड़कों पर नाके लगाए जाएंगे. ट्रैफिक पुलिस की टीमें ‘ब्रेथ एनालाइजर’ और स्पीड गन के साथ तैनात रहेंगी. जो भी व्यक्ति नशे में गाड़ी चलाते पकड़ा जाएगा, उसके खिलाफ तुरंत कार्रवाई होगी.

पुलिस ने साफ किया है कि बाइक पर स्टंट करने, तेज रफ्तार में गाड़ी दौड़ाने और दोपहिया पर तीन सवारी बैठाने वालों पर भी कार्रवाई होगी. होली के दिन कई बार युवा बाइक से खतरनाक स्टंट करते नजर आते हैं, जिससे हादसे का खतरा बढ़ जाता है. इस बार ऐसे मामलों में कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी.

पुलिस ने लोगों से अपील

दिल्ली पुलिस ने शहरवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए अपील की है कि त्योहार को जिम्मेदारी से मनाएं. जबरदस्ती किसी पर रंग न डालें, सार्वजनिक जगहों पर हंगामा न करें और ट्रैफिक नियमों का पालन करें.

अधिकारियों का कहना है कि पीसीआर कॉल पर तुरंत प्रतिक्रिया देने की पूरी व्यवस्था की गई है. पुलिस का मकसद सख्ती दिखाना नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि हर कोई सुरक्षित और खुशी से होली मना सके.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *