Skip to content

दिल्ली: प्रॉपर्टी टैक्स से जुड़े लंबित मामलों पर अपडेट, ब्याज-जुर्माने से छूट का आखिरी मौका

दिल्ली में प्रॉपर्टी टैक्स से जुड़े लंबित मामलों के निपटान के लिए राहत भरी खबर आई है. सरदार राजा इकबाल सिंह ने घोषणा की है कि संपत्तिकर निपटान योजना ‘सुनियो’ को अब 31 मार्च 2026 तक बढ़ा दिया गया है. उन्होंने सभी योग्य संपत्ति मालिकों और कब्जाधारियों से अपील की है कि वे इस अवसर का पूरा लाभ उठाएं और अपने बकाया कर का निपटान समय रहते कर लें.

ब्याज और जुर्माने से पूरी छूट, लेकिन आखिरी मौका

मेयर ने स्पष्ट किया कि ‘सुनियो योजना’ के तहत करदाता बिना किसी ब्याज और जुर्माने के अपने बकाया प्रॉपर्टी टैक्स का भुगतान कर सकते हैं. उन्होंने चेतावनी दी कि 31 मार्च 2026 के बाद इस योजना को आगे नहीं बढ़ाया जाएगा. ऐसे में यह करदाताओं के लिए अंतिम अवसर साबित हो सकता है.

यह भी पढ़ें: जाम छलकाने वालों के लिए खुशखबरी! दिल्ली में होली पर खुली रहेंगी शराब की दुकानें

विलंब शुल्क दर में कोई बढ़ोतरी नहीं

करदाताओं को राहत देते हुए महापौर ने बताया कि विलंब शुल्क की दर में कोई वृद्धि नहीं की गई है. इसे पूर्व में विस्तारित अवधि यानी फरवरी माह में लागू 5 प्रतिशत की दर के समान ही रखा गया है. इससे करदाताओं पर अतिरिक्त वित्तीय बोझ नहीं पड़ेगा.

1.87 लाख से ज्यादा करदाताओं ने उठाया लाभ

नगर निगम के आंकड़ों के अनुसार 1 मार्च 2026 तक 1,87,425 करदाताओं ने इस योजना का लाभ उठाया है. इनसे कुल 1089.97 करोड़ रुपये का प्रॉपर्टी टैक्स जमा हुआ है. इनमें 1,34,666 आवासीय संपत्तियों से 211.44 करोड़ रुपये और 52,759 गैर-आवासीय संपत्तियों से 878.52 करोड़ रुपये का संग्रह हुआ है. यह दर्शाता है कि योजना को व्यापक समर्थन मिल रहा है.

यह भी पढ़ें: होली हो सकता है इस साल का अब तक का सबसे गर्म दिन, दिल्ली के मौसम पर आया अपडेट

किन शर्तों पर मिलेगी पूरी छूट?

‘सुनियो योजना’ के तहत वित्तीय वर्ष 2020-21 से पूर्व की प्रॉपर्टी टैक्स देनदारी पर लगने वाले ब्याज और जुर्माने की पूर्ण छूट दी जा रही है. इसके लिए शर्त यह है कि करदाता चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 और पिछले पांच वित्तीय वर्षों यानी 2020-21 से 2024-25 तक का मूल प्रॉपर्टी टैक्स बिना ब्याज और जुर्माने के जमा करें.

पहली बार टैक्स देने वालों की बड़ी भागीदारी

इस योजना के तहत 1,02,201 नए करदाताओं ने पहली बार प्रॉपर्टी टैक्स का भुगतान किया है. इन प्रथम बार करदाताओं से 395.96 करोड़ रुपये का संग्रह हुआ है. यह संकेत है कि योजना ने नए करदाताओं को भी कर दायरे में लाने में अहम भूमिका निभाई है.

चालू वित्तीय वर्ष में रिकॉर्ड संग्रह

1 मार्च 2026 तक चालू वित्तीय वर्ष में ‘सुनियो’ योजना सहित कुल 2893.86 करोड़ रुपये का टैक्स संग्रह 12,78,445 करदाताओं से हुआ है. पिछले वर्ष की समान अवधि में 10,56,528 करदाताओं से 1937.44 करोड़ रुपये का संग्रह हुआ था. यह कर संग्रह में 49.37 प्रतिशत और करदाताओं की संख्या में 21 प्रतिशत की वृद्धि को दर्शाता है.

पिछले वर्ष की तुलना में बेहतर प्रदर्शन

वित्तीय वर्ष 2024-25 में कुल 11,33,161 करदाताओं से 2132.29 करोड़ रुपये का संग्रह हुआ था. मौजूदा वित्तीय वर्ष में अब तक हुआ संग्रह इस आंकड़े से काफी अधिक है. इससे स्पष्ट है कि ‘सुनियो’ योजना ने राजस्व बढ़ाने और कर अनुपालन सुधारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *