दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने ईस्ट दिल्ली में एक्टिव एक बड़े ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने एक कुख्यात तस्कर को गिरफ्तार कर उसके पास से काफी मात्रा में हाई क्वालिटी हेरोइन बरामद की है जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 5 करोड़ रुपये बताई जा रही है.
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स को सूचना मिली थी कि ईस्ट दिल्ली में एक संगठित गिरोह बड़े स्तर पर हेरोइन की सप्लाई कर रहा है. 13 फरवरी 2026 को पुलिस टीम ने सूरजमल विहार अथॉरिटी, क्रॉस रिवर मॉल के पास छापा मारकर आरोपी मृदुल सिंह तोमर उर्फ कड्डू को गिरफ्तार कर लिया जो कृष्णा नगर इलाके का रहने वाला है.
तलाशी में मिली भारी मात्रा की हेरोइन
दिल्ली पुलिस द्वारा कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी की तलाशी ली गई जिसमें उसके कब्जे से काफी मात्रा में हेरोइन बरामद हुई. यह मात्रा NDPS एक्ट के तहत कमर्शियल कैटेगरी में आती है. इस मामले में क्राइम ब्रांच थाने में एफआईआर दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है.
ऐसे चलाता था ड्रग्स नेटवर्क
दिल्ली पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पहले खुद नशा करता था और छोटी मात्रा में ड्रग्स खरीदता था. पिछले एक महीने से उसने बड़े स्तर पर तस्करी शुरू कर दी थी. वह अंबाला, लुधियाना और ट्रोनिका सिटी यूपी से हेरोइन लाकर दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में सप्लाई करता था. बरामद खेप भी उसने गिरफ्तारी से 1-2 दिन पहले ही खरीदी थी.
कुख्यात तस्कर पर पहले से दर्ज हैं कई मामले
दिल्ली पुलिस के मुताबिक मृदुल सिंह तोमर पहले से ही 8 आपराधिक मामलों में शामिल रहा है, जिनमें एक्साइज एक्ट और चोरी के केस शामिल हैं. पुलिस का कहना है कि आरोपी धीरे-धीरे संगठित ड्रग्स तस्करी में सक्रिय हो गया था.
दिल्ली पुलिस की जांच जारी
दिल्ली पुलिस के मुताबिक इस गिरफ्तारी से दिल्ली में एक्टिव एक बड़े ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है.पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सप्लायर और डिस्ट्रीब्यूटर्स की तलाश में जुटी है. दिल्ली पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि दिल्ली एनसीआर में ड्रग्स सिंडिकेट में और कितने लोग जुड़े है.