Skip to content

दिल्ली को ₹18,000 करोड़ की सौगात! PM मोदी ने मेट्रो के नए कॉरिडोर का किया उद्घाटन और शिलान्यास

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राजधानी दिल्ली को ₹18,000 करोड़ से ज्यागा की बड़ी परियोजनाओं की सौगात दी. इनमें दिल्ली मेट्रो के दो नए कॉरिडोर का उद्घाटन और फेज़-V(A) के अंतर्गत तीन नए कॉरिडोर का शिलान्यास शामिल हैं. 

इस मौके पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रधानमंत्री मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन परियोजनाओं से लाखों दिल्लीवासियों को बेहतर कनेक्टिविटी, सुरक्षा और सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा, विशेष रूप से महिलाओं को.

दिल्ली को पीएम मोदी ने दी बड़ी सौगात- सीएम रेखा

उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के परिश्रम, ईमानदारी और ‘सबका साथ-सबका विकास’ के मंत्र से प्रेरित होकर दिल्ली सरकार सार्वजनिक परिवहन, जनकल्याण योजनाओं, डिजिटल गवर्नेंस, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और शहरी अवसंरचना के क्षेत्रों में निरंतर कार्य कर रही है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर इन घोषणाओं को दिल्ली की जनता, विशेषकर महिलाओं के लिए एक बड़ी सौगात बताया. 

किन दो मेट्रो कॉरिडोर के उद्घाटन किए गए?

  • मजलिस पार्क से मौजपुर–बाबरपुर (लगभग 12 किमी)
  • मजलिस पार्क से दीपाली चौक (लगभग 9 किमी)

बता दें कि इन कॉरिडोरों से लाखों लोगों की यात्रा आसान होगी और ट्रांस-यमुना के कई क्षेत्रों को पहली बार मेट्रो कनेक्टिविटी मिलेगी, जिनमें वज़ीराबाद, खजूरी खास, भजनपुरा, यमुना विहार और करावल नगर शामिल हैं.

इतना ही नहीं दिल्ली मेट्रो नेटवर्क के और विस्तार के लिए तीन अतिरिक्त कॉरिडोर का शिलान्यास भी किया गया. वहीं, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के ट्रायल संचालन को भी दिल्ली के लिए एक महत्वपूर्ण विकास बताया गया.

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार ने अपने एक वर्ष का कार्यकाल पूरा किया है और प्रधानमंत्री मोदी के सुशासन के मंत्र के अनुरूप ईमानदारी और समर्पण के साथ काम किया है.

दिल्ली सरकार की प्रमुख प्राथमिकताएं…

  • आयुष्मान भारत योजना का क्रियान्वयन
  • यमुना की सफाई
  • लैंडफिल के पहाड़ों की समस्या का समाधान
  • दिल्ली में 70 अटल कैंटीन शुरू की गई हैं, जहां गरीबों, आश्रितों और श्रमिकों को सस्ता भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है. इन कैंटीनों के माध्यम से प्रतिदिन लगभग 70,000 लोगों को भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है.
  • केंद्र सरकार के सहयोग से दिल्ली में प्रदूषण और जलभराव की समस्या से निपटने के लिए भी कदम उठाए जा रहे हैं.
  • लगभग 50 वर्षों के बाद जलभराव और प्रदूषण की समस्या के समाधान के लिए नया ड्रेनेज मास्टर प्लान तैयार किया गया है.
  • लाड़ली योजना के तहत लगभग 70,000 बालिकाओं को करीब ₹200 करोड़ की राशि वितरित की गई है, जिससे लंबे समय से लंबित भुगतान का निपटारा किया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *