Skip to content

दिल्ली के मालवीय नगर में नॉर्थ-ईस्ट की युवतियों से बदसलूकी, पुलिस ने दर्ज किया केस

दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में एक बार फिर नॉर्थ-ईस्ट की दो युवतियों के साथ दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है. साकेत कोर्ट के पास पार्क में टहल रही दोनों लड़कियों पर कुछ युवकों ने पहले आपत्तिजनक टिप्पणी की और विरोध करने पर हमला कर दिया. घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, जबकि इस मुद्दे पर राजनीतिक बयानबाज़ी भी तेज हो गई है.

मिली जानकारी के मुताबिक, साउथ दिल्ली के साकेत कोर्ट के पास स्थित एक पार्क में मणिपुर की रहने वाली एक युवती अपनी दोस्त के साथ शाम के समय टहल रही थी. इसी दौरान कुछ युवकों ने उन पर फब्तियां कसनी शुरू कर दीं. शुरुआत में दोनों युवतियों ने इसे नजरअंदाज करने की कोशिश की, लेकिन जब टिप्पणियां लगातार होती रहीं तो उन्होंने इसका विरोध किया.

युवतियों पर हमले के बाद मौके से हुए फरार

युवतियों के विरोध करने पर स्थिति अचानक बिगड़ गई. आरोप है कि युवकों ने गुस्से में आकर दोनों पर हमला कर दिया और उन्हें चोटें आईं. घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. आसपास मौजूद लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवतियों को अस्पताल पहुंचाया.

अस्पताल में इलाज के बाद मिली छुट्टी, पुलिस ने दर्ज किया केस

डीसीपी ने बताया कि दोनों घायल युवतियों को इलाज के लिए सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी. अधिकारियों के मुताबिक पीड़िताओं से लगातार संपर्क बनाए रखा गया है और उनकी शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है.

ये भी पढ़िए- आबकारी नीति: केजरीवाल-सिसोदिया को बरी करने के खिलाफ CBI की याचिका, आया ये बड़ा अपडेट

एक नाबालिग हिरासत में, बाकी आरोपियों की तलाश जारी

डीसीपी साउथ ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस ने इस मामले में एक नाबालिग को हिरासत में लिया है. अन्य संदिग्धों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए कई टीमों को लगाया गया है. पुलिस अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर आरोपियों की तलाश कर रही है.

सौरभ भारद्वाज ने पुलिस पर साधा निशाना

वहीं, इस घटना के बाद राजनीतिक प्रतिक्रिया भी सामने आई है. आप के प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने दिल्ली पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए. उन्होंने आरोप लगाया कि शहर में अपराध के मामलों को दर्ज करने में पुलिस ढिलाई बरत रही है और कई जगह अवैध गतिविधियां खुलेआम चल रही हैं.

दिल्ली पुलिस कमिश्नर पर भी उठाए सवाल

सौरभ भारद्वाज ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर की कार्यप्रणाली की आलोचना करते हुए उन्हें नाकारा करार दिया. उन्होंने कहा कानून-व्यवस्था की स्थिति पर गंभीरता से ध्यान देने की जरूरत है. अगर अपराध पर सख्ती नहीं हुई तो राजधानी में ऐसे मामलों की पुनरावृत्ति होती रहेगी. वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच पूरी गंभीरता से की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी.

ये भी पढ़िए- दिल्ली दंगा मामला: शरजील इमाम को बड़ी राहत, कोर्ट ने दी अंतरिम जमानत

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *