महाराष्ट्र के चर्चित ढोंगी बाबा अशोक खरात से संबंधित मामले को लेकर आज (29 मार्च) नासिक जिला कोर्ट में गहमागहमी का माहौल रहा. विशेष जांच दल (SIT) ने अशोक खरात को कड़ी सुरक्षा के बीच न्यायाधीश एम. वी. भराडे की कोर्ट में पेश किया. मामले की गंभीरता को देखते हुए कोर्ट ने आरोपी अशोक खरात को 1 अप्रैल तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है.
सुनवाई के दौरान SIT के जांच अधिकारी किरण सूर्यवंशी और सरकारी वकील शैलेंद्र बागडे ने कोर्ट के सामने दलील दी कि आरोपी जांच में सहयोग नहीं कर रहा है. सरकारी पक्ष ने कोर्ट को बताया कि अशोक खरात ने कई महिलाओं के साथ धोखाधड़ी कर उनका जीवन बर्बाद किया है. पुलिस को आरोपी का मोबाइल डेटा रिकवर करना है और उसके पास मौजूद अवैध संपत्ति की जांच करनी है. पुलिस ने यह भी अंदेशा जताया है कि खरात ने अपने फोन में कई रसूखदार और राजनीतिक लोगों के नाम ‘डमी’ नाम से सेव कर रखे हैं, जिनकी पहचान करना बेहद जरूरी है.
अशोक खरात बेहद चालाकी से जवाब दे रहा- वकील
पीड़ितों के वकील ने दलील दी कि आरोपी समाज के लिए खतरा है. पीड़ित महिलाओं की ओर से वकील एम. वाई. काले ने पैरवी करते हुए कहा कि आरोपी बेहद चालाकी से जवाब दे रहा है और जांच को भटकाने की कोशिश कर रहा है. उन्होंने तर्क दिया कि खरात ने महिलाओं को नशीला पानी पिलाकर उनका शोषण किया और उनके वीडियो बनाए. पीड़ितों के परिवार सदमे में हैं और न्याय के लिए आरोपी का पुलिस हिरासत में रहना और गहन पूछताछ होना अनिवार्य है.
आरोपी के वकील ने अतिरिक्त रिमांड का किया विरोध
सुनवाई के दौरान कोर्ट परिसर के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था. आरोपी की ओर से वकील सचिन भाटे ने अतिरिक्त रिमांड का विरोध किया, लेकिन अदालत ने अपराध की गंभीरता और जांच के अधूरे पहलुओं को देखते हुए SIT को तीन दिनों की और मोहलत दे दी है. अब 1 अप्रैल तक SIT आरोपी की कस्टडी मिली है, पुलिस को आरोपी का मोबाइल क्लोनिंग, वित्तीय संपत्ति और इस रैकेट में शामिल अन्य लोगों के बारे में पूछताछ करेगी.
कई बड़े नामों का खुलासा होने की संभावना
इस मामले में एक बड़ा मोड़ तब आया जब सूत्रों के हवाले से खबर मिली कि राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रूपाली चाकणकर को भी पूछताछ के लिए समन जारी किया गया है. जानकारी के अनुसार, SIT अब ‘शिवाणिका संस्था’ के सभी वर्तमान और पूर्व सदस्यों की जांच करने वाली है. इस संस्था के वित्तीय लेन-देन और गतिविधियों पर अब SIT की पैनी नजर है, जिससे आने वाले दिनों में कई बड़े नामों का खुलासा होने की संभावना है.