खुद को ‘भोंदू बाबा’ बताने वाले रेप के आरोपी स्वयंभू बाबा अशोक खरात के खिलाफ जांच कर रहे विशेष जांच दल (SIT) ने मंगलवार को पूछताछ के लिए उसके बेटे को नासिक शहर से हिरासत में लिया. नासिक के सरकारवाड़ा पुलिस थाने में खरात के खिलाफ कम से कम 10 केस दर्ज किए गए हैं, जिनमें से 8 यौन उत्पीड़न और दो धोखाधड़ी से संबंधित हैं. इतना ही नहीं, एसआईटी को फोन कॉल के जरिए अशोक खरात के खिलाफ 100 से ज्यादा शिकायतें मिली हैं.
पुलिस सूत्रों के अनुसार, एसआईटी की एक टीम अशोक खरात के कर्मयोगी नगर स्थित घर पहुंची और उसके बेटे हर्षवर्धन को हिरासत में ले लिया. हर्षवर्धन को पूछताछ के लिए महाराष्ट्र पुलिस अकादमी (MPA) ले जाया गया. जांचकर्ता अशोक खरात की पत्नी कल्पना का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं.
अशोक खरात की पत्नी कल्पना पर भी धोखाधड़ी का आरोप
एसआईटी टीम को कल्पना खरात अपने घर पर नहीं मिली, लेकिन बेटा हर्षवर्धन पुलिस की हिरासत में है. अशोक खरात की पुलिस हिरासत बुधवार को समाप्त हो होगी, जिसके बाद उसे स्थानीय अदालत में पेश किया जाएगा. इस बीच, अधिकारियों ने बताया कि पड़ोसी अहिल्यानगर जिले में पुलिस ने मंगलवार, 31 मार्च को अशोक खरात की पत्नी समेत पांच लोगों के खिलाफ एक भूस्वामी से 4 करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है.
फरार चल रही है कल्पना खरात
शिरडी के मंदिर नगर में पुलिस ने इस संबंध में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. हालांकि, खरात की पत्नी कल्पना फरार है और उसकी तलाश जारी है. रफ्तार किए गए दोनों आरोपियों की पहचान अरविंद बावके और किरण सोनावाने के रूप में हुई है. अशोक खरात, उसकी पत्नी और एक बिचौलिया इस मामले में वांछित हैं.
यह भी पढ़ें: UCC पर प्रियंका चतुर्वेदी का बड़ा बयान, ‘असम के मुख्यमंत्री को देखते हुए लग रहा है कि…’