Himachal Pradesh Accident News: हिमाचल प्रदेश के डलहौजी में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जहां डलहौजी-करेलाणु रोड पर एक टूरिस्ट गाड़ी गहरी खाई में गिर गई. इस हादसे में तीन पर्यटकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. सभी पर्यटक जालंधर के रहने वाले बताए जा रहे हैं, जो घूमने के लिए डलहौजी आए थे.
पुलिस के मुताबिक, गाड़ी में कुल छह लोग सवार थे. हादसा इतना भीषण था कि दो पर्यटकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक घायल लड़की ने पठानकोट ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया. अन्य घायलों में से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे तुरंत पठानकोट रेफर किया गया है, जबकि दो अन्य का इलाज डलहौजी के सिविल अस्पताल में चल रहा है.
हादसे में वाहन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया
बता दें कि यह हादसा गांधी चौक के पास करेलाणु रोड पर हुआ. प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, टूरिस्ट गाड़ी अचानक नियंत्रण खो बैठी और करीब डेढ़ किलोमीटर गहरी खाई में जा गिरी. गिरने के बाद गाड़ी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे हादसे की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है.
खाई के कारण बचाव कार्यों में बाधा आई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और स्थानीय बचाव टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं. हालांकि, रात का अंधेरा और गहरी खाई होने के कारण राहत और बचाव कार्य में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा. कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को खाई से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया.
पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है. शुरुआती जांच में फिसलन भरी सड़क, तेज रफ्तार या ड्राइवर का नियंत्रण खोना संभावित कारण बताए जा रहे हैं. हालांकि, हादसे की असली वजह का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल पाएगा.