Skip to content

टिहरी लेक फेस्टिवल में CM धामी का एडवेंचर अवतार, झील में जेट स्की का उठाया लुत्फ

उत्तराखंड में टिहरी लेक फेस्टिवल के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का अलग ही अंदाज देखने को मिला. शुक्रवार को सीएम धामी टिहरी झील में रोमांचक गतिविधियों का हिस्सा बने और जेट स्की चलाकर एडवेंचर स्पोर्ट्स का आनंद लिया. इसके साथ ही उन्होंने बोटिंग भी की और फेस्टिवल में लगे विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण कर स्थानीय उत्पादों और पहाड़ी व्यंजनों की सराहना की.

टिहरी लेक फेस्टिवल का विधिवत उद्घाटन करने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी कोटी कॉलोनी स्थित आयोजन स्थल पहुंचे, जहां उन्होंने विभिन्न विभागों और स्थानीय समूहों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया. इस दौरान उन्होंने इंडो-तिब्बतन बॉर्डर पुलिस (आईटीबीपी) के जवानों से भी मुलाकात की और उनके साहस व योगदान की सराहना की.

सीएम ने जेट स्की का लिया आनंद

इसके बाद मुख्यमंत्री टिहरी झील की ओर पहुंचे. यहां उनके सामने दो विकल्प थे, या तो वह अपने मंत्रिमंडल के सहयोगी और विधायकों के साथ बोटिंग करें या फिर एक गाइड के साथ जेट स्की का रोमांचक अनुभव लें. मुख्यमंत्री ने जेट स्की चलाने का विकल्प चुना और कुछ देर तक झील में जेट स्की चलाकर एडवेंचर का आनंद लिया. बाद में उन्होंने कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, विधायक किशोर उपाध्याय, विनोद कंडारी और शक्तिलाल शाह के साथ बोटिंग भी की.

साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने का सुझाव दिया

मुख्यमंत्री ने झील में चल रही विभिन्न गतिविधियों का भी अवलोकन किया और लेक फेस्टिवल को पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण बताया. उन्होंने कहा कि टिहरी झील राज्य में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने की बड़ी संभावनाएं रखती है और ऐसे आयोजनों से प्रदेश में पर्यटन को नई पहचान मिल रही है. फेस्टिवल के दौरान मुख्यमंत्री ने पहाड़ी व्यंजनों का भी स्वाद लिया. कोटी कॉलोनी स्थित आयोजन स्थल पर महिलाओं की रामलीला समिति द्वारा लगाए गए ‘पहाड़ी घर’ नामक स्टॉल पर उन्होंने पारंपरिक पहाड़ी भोजन का आनंद लिया. यहां उन्हें लाल चावल, भट्ट की चुटकाणी और झंगोरे की खीर परोसी गई, जिसकी उन्होंने जमकर तारीफ की.

समिति से जुड़ी रचना उनियाल ने बताया कि मुख्यमंत्री के स्टॉल पर पहुंचने और पहाड़ी व्यंजनों की सराहना करने से समिति की महिलाओं में काफी उत्साह देखने को मिला. मुख्यमंत्री ने महिलाओं को स्थानीय व्यंजन और संस्कृति को आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित भी किया. लेक फेस्टिवल के दौरान मुख्यमंत्री के इन अलग-अलग अंदाजों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया और आयोजन में मौजूद लोगों ने भी इस पल को उत्साह के साथ देखा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *