Skip to content

जोधपुर: डिजिटल अरेस्ट का खौफ दिखाकर बुजुर्ग महिला से 1.85 करोड़ की ठगी, बैंक कर्मी समेत 4 गिरफ्तार

साइबर ठगों ने ‘डिजिटल अरेस्ट’ का डर दिखाकर एक 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला से 1.85 करोड़ रुपये की सनसनीखेज ठगी को अंजाम दिया है. जोधपुर पुलिस ने इस बड़े अंतरराष्ट्रीय साइबर क्राइम नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के एक संविदा कर्मचारी सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इस गिरोह का एक साथी अभी फरार है, जिसकी सरगर्मी से तलाश की जा रही है.

पुलिस कमिश्नर शरत कविराज के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई के संबंध में जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि प्रतापनगर के कमला नेहरू नगर निवासी राजेश माहेश्वरी ने मामला दर्ज कराया था. उनकी 75 वर्षीय बुआ सरस्वती देवी को 13 फरवरी को एक व्हाट्सएप कॉल आया था. ठगों ने खुद को मुंबई क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताया और डराया कि उनके आधार कार्ड से खुले केनरा बैंक के एक खाते का इस्तेमाल बड़े फ्रॉड में हुआ है और उन्हें तुरंत गिरफ्तार किया जाएगा.

RBI जांच के नाम पर ऐंठे करोड़ों रुपये

आरोपियों ने वृद्धा को ‘डिजिटल अरेस्ट’ का खौफ दिखाया और कहा कि उनके पैसे RBI की जांच के लिए जमा करने होंगे, जो बाद में वापस मिल जाएंगे. बुरी तरह घबराई पीड़िता ने 18 फरवरी को एसबीआई से आरटीजीएस (RTGS) के जरिए 1 करोड़ 85 लाख 23 हजार रुपये ठगों द्वारा बताए गए बैंक खाते में ट्रांसफर कर दिए.

क्रिप्टो करेंसी (USDT) के जरिए विदेश भेजा पैसा

साइबर थाना पुलिस के तकनीकी विश्लेषण में सामने आया कि मुख्य आरोपी मुकेश राव ने एसबीआई (पाल रोड शाखा) के संविदा कर्मी अजय को लालच देकर मजदूर वर्ग के लोगों के बैंक खातों का इस्तेमाल किया. ठगी की भारी-भरकम रकम इन खातों में आते ही निकाल ली जाती थी. इसके बाद उस रकम से डिजिटल करेंसी (USDT) खरीदकर उसे देश-विदेश में बैठे साइबर ठगों के नेटवर्क को भेज दिया जाता था.

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी मुकेश राव, तिलक सिंह, शिवम तोमर और बैंक कर्मी अजय को दबोच लिया है. आरोपियों को रिमांड पर लेकर ठगी की रकम बरामद करने के प्रयास किए जा रहे हैं.

पुलिस की अपील: पुलिस ने आमजन को सतर्क करते हुए स्पष्ट किया है कि कोई भी पुलिस या सरकारी एजेंसी कभी भी ‘ऑनलाइन’ या ‘डिजिटल अरेस्ट’ नहीं करती है. ऐसे धमकी भरे कॉल आने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *