होली पर्व को लेकर लोगों में उत्साह का माहौल है. इस बीच राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में जाम छलकाने वाले शौकीनों के लिए भी अच्छी खबर है. दिल्ली में होली के दौरान शराब की दुकानें खुली रहेंगी. होली के त्योहार को ‘ड्राई डे’ की लिस्ट से हटा दिया गया है. दिल्ली सरकार की ओर से जनवरी में जारी एक आदेश के मुताबिक, रंगों का त्योहार होली अब ‘ड्राई डे’ की लिस्ट में नहीं है. ‘ड्राई डे’ का मतलब होता है कि ऐसे दिन जब शराब की दुकानें बंद रहती हैं.
जनवरी में जारी नोटिफिकेशन में जिक्र किया गया है कि गणतंत्र दिवस, महाशिवरात्रि, ईद-उल-फितर, राम नवमी और महावीर जयंती भी ‘ड्राई डे’ के रूप में मनाए जाएंगे. जानकारी के मुताबिक ये लिस्ट जनवरी से मार्च की अवधि के लिए है.
होली पर शराब की दुकानें रहती थीं बंद
आदेश में यह भी कहा गया है कि शराब की दुकान चलाने का लाइसेंस रखने वालों को बंद के लिए किसी भी प्रकार का मुआवजा नहीं मिलेगा. पिछले कुछ दशकों से, होली के ज्यादातर मौकों पर राष्ट्रीय राजधानी में ‘ड्राई डे’ रही है, जिसका मकसद कानून-व्यवस्था की समस्याओं को रोकना था. इसका एकमात्र अपवाद 2022 था, जब अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी सरकार की ओर से लाई गई शराब नीति ने ‘ड्राई डे’ की संख्या को घटाकर सिर्फ तीन कर दिया था.
दिल्ली की सत्ता पर काबिज बीजेपी की सरकार ने होली को ‘ड्राई डे’ लिस्ट से हटा दिया है, जबकि उस वक्त बीजेपी ने ‘ड्राई डे’ की संख्या कम करने के लिए आम आदमी पार्टी की सरकार की कड़ी आलोचना की थी. उस दौरान दिल्ली BJP के तत्कालीन अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा था, “राष्ट्रीय अवकाश मनाने और लोगों की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करने के लिए 21 ड्राई डे रखे गए थे. मुझे समझ नहीं आता कि अरविंद केजरीवाल शराब माफिया की ओर अधिक झुकाव क्यों दिखा रहे हैं.”