Skip to content

जम्मू: ’20 साल से था इस दिन का इंतजार…’, बोला- फारुक अब्दुल्ला पर बंदूक तानने वाला आरोपी

जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और सत्ताधारी नेशनल कॉन्फ्रेंस के संरक्षक डॉक्टर फारूक अब्दुल्ला बुधवार शाम उसे समय बाल बाल बच गए जब उन पर एक शादी समारोह में गोली चलाने का नाकाम प्रयास किया गया. इस हमले के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने बताया कि पिछले 20 साल से उसे इस दिन का इंतजार था.

पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान कमल सिंह पुत्र अजीत सिंह निवासी पुरानी मंडी, जम्मू के रूप में हुई. अपराध में इस्तेमाल किया गया हथियार भी आरोपी के पास से बरामद कर लिया गया है. मामले का संज्ञान लिया गया है और आगे की जांच जारी है. 

दरअसल, बुधवार 12 मार्च को जम्मू के गंग्याल थाने के अंतर्गत आने वाले ग्रेटर कैलाश में स्थित रॉयल पार्क बैंक्विट हॉल, समारोह नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता वरिष्ठ वकील दिनेश सिंह चौहान की बेटी की शादी में हिस्सा लेने के लिए जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ फारूक अब्दुल्ला, जम्मू कश्मीर के उपमुख्यमंत्री सुरेंद्र चौधरी, कैबिनेट मंत्री सतीश शर्मा और जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के राजनीतिक सलाहकार नासिर असलम शामिल हुए थे.

शादी समारोह में गए थे अब्दल्ला

सूत्रों के मुताबिक डॉक्टर फारूक अब्दुल्ला शादी समारोह में करीब 9:15 बजे पहुंचे थे और बैंक्विट हॉल में ही कुछ समय अपने कार्यकर्ताओं और नेताओं के साथ बिताया. इस दौरान डॉ फारूक अब्दुल्ला ने शादी में शामिल हुए लोगों के साथ भी बातचीत की और जैसे ही करीब 10 बज कर 10 मिनट पर फारूक अब्दुल्ला अपने घर के लिए वापस निकले तो उन्हें गाड़ी तक छोड़ने न केवल जम्मू कश्मीर के कई मंत्री बल्कि उनकी पार्टी के कार्यकर्ता भी साथ थे.

पीठ पर तानी बंदूक

जैसे ही डॉक्टर फारूक अब्दुल्ला पार्किंग की तरह पहुंचने लगे तो अचानक शादी की भीड़ में से एक शख्स ने पीछे जाकर फारूक अब्दुल्ला की पीठ पर बंदूक तान दी. इससे पहले कि वह इस बंदूक से फायर कर पाता फारूक अब्दुल्ला की सुरक्षा में शामिल एक सुरक्षाकर्मी ने बंदूक डॉ फारूक अब्दुल्ला के कंधे से हटा दी और डॉ फारूक अब्दुल्ला बाल बाल बच गए. 

20 साल से था इंतजार 

एबीपी न्यूज़ से बात करते हुए जम्मू कश्मीर की कैबिनेट मिनिस्टर सतीश शर्मा ने बताया कि इस हमले में डॉ फारूक अब्दुल्ला बाल बाल बचे. उन्होंने बताया कि जैसे ही वह डॉ फारूक अब्दुल्ला को गाड़ी के पास छोड़ने जा रहे थे भीड़ में से एक शख्स ने डॉ फारूक अब्दुल्ला पर हमला कर दिया. उन्होंने दावा किया कि डॉ फारूक अब्दुल्ला पर हमला करने वाला शख्स यह कह रहा था कि उन्हें इस दिन का पिछले 20 साल से इंतजार था. 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *