छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से मंगलवार शाम एक हृदयविदारक घटना सामने आई है. यहां के एक निजी अस्पताल में सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान कथित तौर पर जहरीली गैस के संपर्क में आने से तीन लोगों की मौत हो गई. घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीमों ने राहत और बचाव कार्य शरू किया. घटना में अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही को लेकर लोगों ने नाराजगी जताई है.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह घटना पचपेड़ी नाका इलाके में राम कृष्ण केयर अस्पताल में देर शाम हुई है. हादसे की जांच के आदेश दिए हैं, अगर किसी की भी लापरवाही मिली तो कानून के मुताबिक कार्रवाई होगी. मजदूरों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है.
टैंक साफ करते वक़्त हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक राम कृष्ण अस्पताल में मजदूर सेप्टिक टैंक साफ कर रहे थे, अचानक टैंक से निकली गैस मजदूरों की सांसे घुटने लगीं. और देखते ही देखते तीनों बेहोश हो गए. और टैंक में ही दम तोड़ दिया. घटना के बाद पूरे अस्पताल में अफरा-तफरी मच गयी. सूचना पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद तीनों मजदूरों के शवों को बाहर निकाला. जिसके बाद तीनों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया.
जहरीली गैस से गयी जान
पुलिस अधिकारियों ने बताया, “प्राथमिक जांच में आशंका है कि सेप्टिक टैंक के भीतर जहरीली गैस के संपर्क में आने से उनकी मौत हुई है.” उन्होंने बताया कि इस मामले की जांच की जा रही है. जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
उधर इस घटना में अस्पताल प्रबन्धन में लापरवाही के आरोप लग रहे हैं, क्यूंकि सेप्टिक टैंक की सफाई के वक़्त सुरक्षा उपायों का प्रयोग नहीं किया था, जिसके चलते मजदूरों की मौत हो गयी. परिजनों ने मुआवजे और कार्रवाई की मांग की है. स्थानीय प्रशासन ने कहा जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.