Skip to content

छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम भूपेश बघेल का गृह मंत्री अमित शाह पर जुबानी हमला, कहा- वो झूठ बोल रहे

छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने नक्सलवाद को लेकर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के लोकसभा में दिए गए संबोधन पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो जारी करते हुए कड़ा पलटवार किया है. उन्होंने कहा कि अमित शाह झूठ बोल रहे हैं और उन्हें चुनौती दी कि वह मंच, स्थान, तारीख और समय तय करें, वह बहस के लिए पूरी तरह तैयार हैं.

 संसद में क्या बोले थे अमित शाह

दरअसल पूरा मामला 30 मार्च को हुई लोकसभा की कार्यवाही से जुड़ा हुआ है जब गृहमंत्री अमित शाह नक्सलवाद को लेकर सरकार का पक्ष रख रहे थे. उन्होंने कहा था कि 31 मार्च 2026 छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद का अंतिम दिन होगा और छत्तीसगढ़ से नक्सलवाद लगभग समाप्त हो चुका है.

शाह ने कहा था कि केंद्र सरकार के पास पूरी तैयारी और खुफिया जानकारी थी लेकिन देर इसलिए हुई क्योंकि बीच में छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार थी. उन्होंने कहा कि बिहार, महाराष्ट्र, उड़ीसा और झारखंड 2024 से पहले नक्सल मुक्त हो चुके थे लेकिन छत्तीसगढ़ इसलिए रह गया क्योंकि वहां कांग्रेस की सरकार ने नक्सलवाद को बचाकर रखा था.

 बघेल बोले – हमारी सरकार हमेशा नक्सलवाद के खिलाफ लड़ी

भूपेश बघेल ने इन आरोपों को सिरे से नकारते हुए कहा कि अमित शाह लोकसभा में झूठ बोल रहे हैं और देश को गुमराह कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि नक्सलवाद को लेकर कांग्रेस का रुख हमेशा से एकदम स्पष्ट रहा है और उन्होंने कांग्रेस की नीतियों के अनुरूप काम किया है. बघेल ने कहा कि उनकी सरकार ने नक्सलवाद से लड़ने के लिए दो तरीके की रणनीति अपनाई.

उन्होंने कहा कि पहली, बस्तर के लोगों का विश्वास अर्जित करना और दूसरी, जैसे-जैसे नक्सलवाद पीछे हटता गया वहां विकास के कार्य करना. उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने आदिवासियों को वन अधिकार पट्टे दिए, स्कूल खोले, इलाज की व्यवस्था की और राशन कार्ड दिए जबकि भाजपा सरकार ने उन्हें इन सब चीजों से वंचित रखा था. हमारे काम का ही नतीजा था कि लोगों का मुख्यधारा की तरफ विश्वास बढ़ा और उन्होंने नक्सलवाद को पीछे छोड़ा. उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार ने 600 गांव नक्सलियों से खाली कराए.

 BRG जवानों की शहादत का अपमान बता अमित शाह से मांगी माफी

बघेल ने कहा कि जो BRG के जवान शहीद हुए वह छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा नियुक्त किए गए थे और उन्हीं की शहादत की बदौलत नक्सलवाद अपनी आखिरी सांसें ले रहा है. उन्होंने कहा कि ऐसे में अमित शाह जी उन शहीद जवानों का अपमान कर रहे हैं. बघेल ने अमित शाह को याद दिलाया कि उन्होंने कहा था कि जो गांव नक्सल मुक्त हो जाएगा उसे एक-एक करोड़ रुपये दिए जाएंगे, तो आज 31 मार्च है और उनके अनुसार छत्तीसगढ़ मुक्त हो चुका है, तो वह बस्तर के गांवों को एक करोड़ रुपये कब देने वाले हैं.

पूर्व मुख्यमंत्री ने अमित शाह से छत्तीसगढ़ की जनता से माफी मांगने की भी मांग की और कहा कि उनके सारे काम रिकॉर्ड में दर्ज हैं, आंकड़े निकालकर देख लें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *