Skip to content

चारधाम यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह, 1 हफ्ते में इतने लाख लोगों ने कराया रजिस्ट्रेशन

उत्तराखंड में शुरू होने जा रही चारधाम यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है. यात्रा शुरू होने से पहले ही बड़ी संख्या में तीर्थयात्री पंजीकरण करा रहे हैं. पर्यटन विभाग के अनुसार ऑनलाइन पंजीकरण शुरू होने के मात्र एक सप्ताह के भीतर ही 5.18 लाख से अधिक श्रद्धालु यात्रा के लिए पंजीकरण करा चुके हैं. इनमें सबसे अधिक पंजीकरण केदारनाथ धाम के लिए हुआ है.

इस वर्ष चारधाम यात्रा 19 अप्रैल से प्रारंभ होने जा रही है. यात्रा पर आने वाले देश-विदेश के श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पर्यटन विभाग ने 6 मार्च से ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू की थी. शुरुआत के कुछ ही दिनों में पंजीकरण का आंकड़ा तेजी से बढ़ा और एक सप्ताह में ही यह संख्या पांच लाख के पार पहुंच गई. इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि इस बार भी यात्रा के दौरान रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालु उत्तराखंड पहुंच सकते हैं.

केदारनाथ धाम के लिए सबसे ज्यादा पंजीकरण

पर्यटन विभाग के आंकड़ों के अनुसार केदारनाथ धाम की यात्रा के लिए अब तक 1,73,157 श्रद्धालुओं ने पंजीकरण कराया है, जो सभी धामों में सबसे अधिक है. इसके बाद बदरीनाथ धाम के लिए 1,52,478 तीर्थयात्रियों ने पंजीकरण किया है. वहीं गंगोत्री धाम के लिए 97,622 और यमुनोत्री धाम के लिए 95,606 श्रद्धालुओं ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया है.

फिलहाल यह आंकड़े केवल ऑनलाइन पंजीकरण के हैं। पर्यटन विभाग के अनुसार 17 अप्रैल से ऑफलाइन पंजीकरण की सुविधा भी शुरू की जाएगी. इसके लिए हरिद्वार, ऋषिकेश, नया गांव और हरबर्टपुर सहित विभिन्न स्थानों पर करीब 50 पंजीकरण केंद्र बनाए जाएंगे, जहां से श्रद्धालु यात्रा के लिए अपना ऑफलाइन पंजीकरण करा सकेंगे.

चारधाम यात्रा में बन सकता है नया रिकॉर्ड

पिछले वर्ष चारधाम यात्रा के लिए लगभग 70 लाख लोगों ने पंजीकरण कराया था, जबकि चारों धामों में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की वास्तविक संख्या करीब 49 लाख रही थी. इस वर्ष भी शुरुआती पंजीकरण के आंकड़ों को देखते हुए उम्मीद जताई जा रही है कि तीर्थयात्रियों की संख्या नए रिकॉर्ड बना सकती है.

प्रदेश सरकार और पर्यटन विभाग भी यात्रा की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं. यात्रा मार्गों की मरम्मत, सुरक्षा व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं और यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए विभिन्न विभागों को निर्देश दिए गए हैं.

प्रदेश के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि चारधाम यात्रा राज्य की आस्था और पर्यटन से जुड़ी सबसे बड़ी धार्मिक यात्रा है. उन्होंने बताया कि इस वर्ष भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है. यात्रियों की सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए सभी विभागों को समय पर आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं. 

UP Weather: यूपी में आज भी बारिश का अलर्ट, 40 जिलों में तेज आंधी के साथ बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *