Chandigarh News: चंडीगढ़ के सेक्टर 38 में एक राज्य स्तरीय महिला हॉकी खिलाड़ी की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. यह हत्या पैतृक संपत्ति के विवाद के कारण हुई है. आरोप है कि बुआ के लड़के ने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर इस अपराध को अंजाम दिया.
सूचना मिलने पर सेक्टर 39 थाने की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पिता की शिकायत के आधार पर बुआ के लड़के और परिवार के छह अन्य सदस्यों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है. फिलहाल आरोपी फरार हैं. पुलिस उन्हें ढूंढने के लिए छापेमारी कर रही है.
राष्ट्रीय स्तर पर तैयारी कर रही थी तानिया
खिलाड़ी की पहचान तानिया के रूप में हुई है. उसे शुक्रवार को राज्य स्तरीय मुकाबले में खेलना था. चंडीगढ़ यूटी हॉकी एसोसिएशन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि तानिया अपनी ग्रेजुएशन कर रही थी और अपने फाइनल ईयर में थी. वह यूटी स्टेट टीम के लिए एक सीनियर खिलाड़ी थी, फॉरवर्ड खेल रही थी. वह अब राष्ट्रीय स्तर पर खेलों के लिए तैयारी कर रही थी.
शिकायत के आधार पर मामला दर्ज
उसे इस हफ्ते कर्नाटक जाना था, लेकिन उससे पहले ही उसकी हत्या कर दी गई. उसकी मौत की खबर सुनकर, उसके साथी और टीम के सदस्य अस्पताल पहुंचे. तानिया पंजाब यूनिवर्सिटी के मैदान में ट्रेनिंग लेती थी और अक्सर वहां जूनियर्स को हॉकी सिखाती थी. घटना की जानकारी मिलने पर सेक्टर 39 पुलिस मौके पर पहुंची और रवि की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया. आरोपी मौके से भाग गए हैं. पुलिस उन्हें गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी कर रही है. पुलिस ने बताया मामले की जांच जारी है.
यह भी पढ़ें –
Firozpur News: होली पर बच्चों की मामूली कहासुनी बनी जानलेवा, दो गुटों के बीच गोलीबारी में 2 की मौत
Gurdaspur News: हथियार दिखाकर जौहरी के परिवार को बनाया बंधक, 3 करोड़ रुपये लूटे