Skip to content

ग्रेटर नोएडा: गौर सिटी मॉल में चल रहे फर्जी वीजा सेंटर का भंडाफोड़, लाखों की ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

ग्रेटर नोएडा की बिसरख पुलिस ने स्काई वीजा वेंचर के नाम से फर्जी ऑफिस चलाकर लोगों को विदेश भेजने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है, पुलिस ने गिरोह के एक एक शातिर ठग को लोकल इंटेलिजेंस व इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की सहायता से साई नर्सरी के सामने ATS रोड़ से गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार कर उसके कब्जे से भारी मात्रा में फर्जी दस्तावेज और नकदी बरामद की है.

पुलिस की गिरफ्त में आया सक्षम शर्मा अपने साथी राजीव शर्मा साथ मिलकर लोगों को फिनलैंड, पोलैंड और रूस जैसे देशों में वर्क वीजा दिलाने का झांसा दे कर ठगी करता था, दोनो ने ग्रेटर नोएडा वेस्ट के पॉश गौर सिटी मॉल में ‘स्काई वीजा वेंचर’ नाम का दफ्तर भी खोल रखा था. डीसीपी सेंट्रल नोएडा ने बताया कि ये ठग सोशल मीडिया और कॉलिंग के जरिए लोगों से संपर्क करते थे. वर्क वीजा के नाम पर प्रति व्यक्ति 80 हजार से 1 लाख रुपये तक वसूले जाते थे. विश्वास जीतने के लिए आरोपी बाकायदा एग्रीमेंट भी करते थे. जब ग्राहक वीजा मांगते, तो उन्हें व्हाट्सएप पर फर्जी तरीके से तैयार किए गए वीजा की फोटोकॉपी भेज दी जाती थी.

डीसीपी सेंट्रल नोएडा ने बताया कि  ठगी का खुलासा तब हुआ जब पीड़ितों ने एम्बेसी (दूतावास) से संपर्क किया और पता चला कि उनके हाथ में मौजूद वीजा महज रद्दी का टुकड़ा है. पीडित की 7 मार्च को की गई शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 8 मार्च को एटीएस रोड (साईं नर्सरी के पास) से सक्षम शर्मा उर्फ बिट्टू को गिरफ्तार कर लिया.आरोपी के पास से 8 असली पासपोर्ट, 24 फर्जी वीजा की फोटो कॉपी, 37 स्काई वीजा वेंचर के लेटर पैड, 90 विजिटिंग कार्ड, 2 फर्जी मोहरें, 47000 रुपये नगद और 3 मोबाइल फोन बरामद किए गये है.

हरियाणा के करनाल का रहने वाला है आरोपी

पुलिस ने बताया कि आरोपी सक्षम शर्मा मूल रूप से हरियाणा के करनाल का रहने वाला है. पूछताछ में उसने कुबूल किया है कि वह पहले भी मेरठ और हरियाणा के पानीपत में इसी तरह की ठगी के मामलों में जेल जा चुका है. गिरोह का दूसरा सदस्य राजीव शर्मा उर्फ सुरेंद्र अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *