Punjab News: पंजाब के गुरदासपुर में ज्वैलर वरुण महाजन के घर से सुबह 8 बजे के करीब पांच लुटेरों ने हथियारों की नोक पर 3 करोड़ रुपये लूट लिए हैं. निहंग सिंहों के भेष में आए इन बदमाशों ने परिवार के सभी सदस्यों को बंधक बना लिया और गहने और नकदी लेकर भाग गए. पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.
यह घटना जेल रोड स्थित 5 नंबर स्कीम की है. वरुण महाजन की पत्नी नेहा महाजन ने बताया कि निहंग सिंहों के भेष में पांच आदमी सुबह 8 बजे के करीब उनके घर आए जब उनका ड्राइवर सरबजीत सिंह कारें साफ कर रहा था. लुटेरों ने ड्राइवर से बात की और जब ड्राइवर उन्हें बुलाने के लिए अंदर आया तो वे घर में दाखिल हो गए.
दो बदमाशों ने नेहा महाजन के सिर पर पिस्तौल तान दी
लुटेरों ने परिवार को बताया कि वे उनके पास इसलिए आए थे क्योंकि उन्होंने सोशल मीडिया पर उनके गुरुओं के बारे में कुछ अपमानजनक पोस्ट डाली है. इस दौरान दो बदमाशों ने नेहा महाजन के सिर पर पिस्तौल तान दी और सभी पारिवारिक सदस्यों को एक जगह पर इकट्ठा कर लिया.
मामले की जांच कर रही पुलिस
मौके पर पहुंचे डीएसपी तरजिंदर सिंह ने बताया कि वह सूचना मिलते ही वहां पहुंच गए. जांच शुरू कर दी गई है. उन्होंने बताया कि परिवार के मुताबिक निहंग सिंहों के भेष में पांच आदमी उनके घर आए और हथियारों से लैस होकर लूट की वारदात को अंजाम दिया. नजदीकी सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि लुटेरों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
यह भी पढ़ें –
Punjab: मोगा में 5 साल की बच्ची के साथ रेप, होली खेलते समय अगवा कर ले गया पड़ोसी ड्राइवर