देहरादून की थाना रायपुर पुलिस को नशे के खिलाफ कार्रवाई में बड़ी सफलता हाथ लगी है, नत्थुवावाला इलाके में मंगलवार को पुलिस ने एक मकान से गिफ्ट हैम्पर के अंदर छुपाकर रखा गया करीब 01 किलो 800 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया. पुलिस ने मामले में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है.
घटना उस समय की है जब चौकी बालावाला प्रभारी उप निरीक्षक सुनील नेगी अपने कांस्टेबल किशनपाल और महिला हेड कांस्टेबल सरिता खन्तवाल के साथ विकास विहार क्षेत्र में नियमित सत्यापन कार्य के लिए निकले थे. शाम करीब 5 बजे जब टीम नत्थुवावाला स्थित एक मकान पर पहुंची तो दरवाजा खटखटाने पर अंदर से मदन सिंह नामक व्यक्ति बाहर आया.
मकान के गेट के बाहर एक गिफ्ट हैम्पर रखा हुआ था. जब पुलिस ने उसके बारे में पूछताछ की तो मदन सिंह ने इस हैम्पर से अनभिज्ञता जताई. संदेह होने पर पुलिस ने नियमानुसार हैम्पर को खोला. अंदर विभिन्न गिफ्ट आइटमों के बीच “Bagrry Crunchy No Added Sugar” लिखे तीन डिब्बे रखे मिले.
डिब्बों में मिला गांजा और इंजेक्शन
पुलिस के अनुसार, जब इन डिब्बों को खोला गया तो उनके अंदर हरे-भूरे रंग का सूखा पत्तीदार पदार्थ भरा हुआ था, जो देखने और सूंघने में गांजा प्रतीत हुआ. साथ ही कांच की 09 इंजेक्शन शीशियां भी मिलीं जिन पर “Mephentermine Sulphate Injection IP, TERMAN, 30 mg/ml” अंकित था.
पुलिस ने जब्त किया 1 किलो 8 सौ ग्राम गांजा
बरामद पदार्थ का वजन करने के लिए इलेक्ट्रॉनिक तराजू मंगवाया गया. तौलने पर कुल 01 किलो 800 ग्राम अवैध गांजा पाया गया. पुलिस ने मौके पर ही गांजे और इन्जेक्शन शीशियों को सीलबंद किया और नमूना मोहर तैयार की. हालांकि जांच में इंजेक्शन शीशियां एनडीपीएस एक्ट की प्रतिबंधित श्रेणी में नहीं पाई गईं.
मकान मालिक अपने विरोधियों पर जताया संदेह
मदन सिंह ने पुलिस को बताया कि उनकी पुत्री अलका का एक युवक संदीप के साथ न्यायालय में वाद विचाराधीन है और उन्हें शक है कि यह गिफ्ट हैम्पर उसी युवक ने फंसाने की नीयत से रखा होगा. उन्होंने यह भी बताया कि सुबह एक स्कूटी चालक उनके घर के आसपास घूमता देखा गया था. पुलिस ने बरामदगी की वीडियोग्राफी की और संपूर्ण माल कब्जे में लेकर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है मामले की जांच उप निरीक्षक नरेंद्र सिंह को सौंपी गई है.