Skip to content

खामेनेई की शहादत का जिक्र कर ऑल इंडिया शिया काउंसिल की अपील, ‘ईद पर नमाज के दौरान…’

इजरायल-अमेरिका और ईरान में जंग जारी है. इस बीच ऑल इंडिया शिया काउंसिल के प्रवक्ता मौलाना जलाल हैदर नकवी ने ईरान के सुप्रीम लिडर अयातुल्ला सैयद अली खामेनेई की शहादत का जिक्र कर इस साल सादगी से ईद मनाने की अपील की है. साथ ही उन्होंने कहा है कि नमाज के दौरान लोग अपनी बांहों में काली पट्टी बांधें और बड़े कार्यक्रमों से परहेज करें.

मौलाना जलाल हैदर नकवी ने मीडिया से बातचीत में कहा, “जंग का माहौल है और सुप्रीम लीडर अयातुल्ला सैयद अली खामेनेई शहीद हो गए, उनका अंतिम संस्कार अभी तक नहीं हुआ है, ये एक बड़ा गम है. देश के प्रमुख उलेमाओं के साथ हमारी बात हुई है. इसके साथ ही शिया और सुन्नी धार्मिक नेताओं से भी बातचीत हुई है. यह घोषणा की गई है कि इस वर्ष ईद सादगी से मनाई जाए और नमाज के दौरान शोक के प्रतीक के रूप में लोगों को अपनी बांहों पर काली पट्टी बांधनी चाहिए.” 

ईद के दौरान बड़े कार्यक्रमों में जाने से परहेज करें-हैदर नकवी

ऑल इंडिया शिया काउंसिल के प्रवक्ता ने आगे कहा, ”सादगी से ईद मनाने का मतलब यह है कि जो बड़े कार्यक्रम हैं, ईद मिलन समारोह हैं, पब्लिक गैदरिंग के प्रोग्राम हैं, उनसे ईद के मौके पर परहेज करें. बाकी जो परंपरागत चीजें जो चली आ रही हैं, जैसे ईद की नमाज पढ़ना, बच्चों को अच्छे कपड़े पहनाना, गले मिलना, सेवई खिलाना, एक दूसरे के घर आना जाना, ये सभी चीजें उसी अंदाज में रहेंगी जैसा होता चला आया है लेकिन जो पब्लिक गैदरिंग के बड़े फंक्शन हैं, उनसे परहेज करने की अपील की गई है. हाथ पर काली पट्टी बांधने की अपील इसलिए की जाती है ताकि जुल्म के खिलाफ जो प्रदर्शन है वो जारी रहे.”

खामेनेई की मौत के बाद कई जगहों पर हुए प्रदर्शन

अमेरिका और इजराइल की ओर से तेहरान में किए गए हवाई हमले में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई थी. इस घटना के देश के अलग-अलग हिस्सों में शिया समुदाय के लोग भड़के हुए हैं. नई दिल्ली दिल्ली समेत देश के अन्य शहरों में शिया समुदाय के लोग सड़कों पर उतरे और नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया साथ ही अमेरिका और इजराइली सैन्य कार्रवाई के खिलाफ अपने गुस्से का इजहार किया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *